सुलतानपुर कोर्ट में राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि केस की अगली सुनवाई 22 जनवरी को
सुलतानपुर, 10 जनवरी (हि.स.)। लोकसभा में विपक्ष के नेता एवं रायबरेली के सांसद राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि केस की सुनवाई शुक्रवार को अधिवक्ताओं की हड़ताल के चलते टल गयी। सुलतानपुर के स्पेशल एमपी-एमएलए कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई की तारीख 22 जनवरी तय की है।
कोतवाली देहात के हनुमानगंज निवासी भाजपा नेता विजय मिश्रा ने वर्ष 2018 में राहुल गांधी के विरुद्ध मानहानि का परिवाद एमपी-एमएलए कोर्ट में दाखिल किया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि कर्नाटक चुनाव के दौरान राहुल ने भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित शाह के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की थी। इससे वे आहत हुए हैं। कोर्ट में पांच साल लंबी प्रक्रिया चली, राहुल हाजिर नहीं हुए तो दिसंबर 2023 में तत्कालीन जज ने वारंट जारी कर उन्हें तलब किया था। तब फरवरी 2024 को राहुल गांधी ने कोर्ट में सरेंडर किया।
स्पेशल मजिस्ट्रेट ने उन्हें 25-25 हजार के दो मुचलके पर जमानत दी थी। इसके बाद राहुल गांधी को कोर्ट ने बयान दर्ज करने के लिए बुलाया। कई तारीख पड़ने के बाद 26 जुलाई 2024 को राहुल कोर्ट में पहुंचे और अपना बयान दर्ज कराया। उन्होंने स्वयं को निर्दोष बताया था और इसे अपने खिलाफ राजनीतिक साजिश करार दिया था। विगत 16 दिसंबर को मामले में सुनवाई होनी थी लेकिन स्पेशल कोर्ट के जज अवकाश पर होने के चलते सुनवाई टल गई थी। इस मामले में 02 जनवरी को जिरह पूरी नहीं होने पर कोर्ट ने 10 जनवरी की तारीख नियत की थी।
—————