श्री पंच दशनाम जूना अखाड़ा से महंत कौशल किशोर 7 वर्ष के लिए निष्कासित

श्री पंच दशनाम जूना अखाड़ा से महंत कौशल किशोर 7 वर्ष के लिए निष्कासित

-नाबालिग को शिष्या बनाने पर किया गया निष्कासितमहाकुम्भ नगर,11 जनवरी (हि.स.)। श्री पंच दशनाम जूना अखाड़ा की महासभा ने सर्वसम्मति से महंत कौशल किशोर को जूना अखाड़ा से 7 वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया है। नाबालिग रेखा को शिष्या बनाने पर महंत कौशल किशोर के खिलाफ यह कार्रवाई की गई है। यह जानकारी शनिवार को श्री दूधेश्वर पीठाधीश्वर व श्री पंच दशनाम जूना अखाड़ा के अंतरराष्ट्रीय प्रवक्ता श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज ने दी।

उन्होंने बताया कि जूना अखाड़ा की यह परम्परा व नियम है कि किसी भी नाबालिग को शिष्य नहीं बनाया जा सकता है। बालिग होने पर ही किसी को शिष्य बनाया जा सकता है। आगरा निवासी रेखा जो पिछले दिनों ही साध्वी बनी, उसकी अभी उम्र 13 वर्ष ही है। वह अभी नाबालिग है फिर भी महंत कौशल किशोर ने उसे शिष्या बना लिया। ऐसा करके महंत कौशल किशोर ने जूना अखाड़ा की परम्परा व नियम को भंग किया। इसी कारण श्री पंच दशनाम जूना अखाड़ा की महासभा ने सर्वसम्मति से महंत कौशल किशोर को जूना अखाड़ा से सात वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया। महंत कौशल किशोर 7 वर्ष तक जूना अखाड़ा में प्रवेश नहीं कर पाएंगे।

—————