धूमधाम से श्री पंचायती अखाड़ा निर्मल के संत छावनी प्रवेश किया
महाकुम्भ नगर , 11 जनवरी (हि.स.)। प्राचीन परम्पराओं एवं बैंड बाजे के साथ श्री पंचायती अखाड़ा निर्मल के संत धूमधाम से शनिवार को छावनी प्रवेश किया। इस दौरान अखाड़े के नागा सन्यासियों एवं संतों का कई स्थानों पर माला पहनाकर स्वागत किया गया। मेला पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने भी उनका स्वागत किया।
भव्य छावनी प्रवेश प्रयागराज श्री पंचायत अखाड़ा निर्मल की पेशवाई गुरु ग्रंथ साहिब के अगुवाई में निकाली। पथर चट्टी रामबाग से निकलकर जॉनसेन गंज, चौक घंटाघर लोकनाथ बहादुरगंज होते हुए छावनी में प्रवेश किया। पेशवाई में सबसे आगे अखाड़े की धर्म ध्वज पताका हाथी घोड़े, ऊंट पर साधु संत सवार होकर चल रहे थे। दर्जनों डीजे रोड लाइट, ढोल ताशा पार्टी, पंजाबी भांगड़ा, चौकिया के प्रदर्शन से श्रद्धालु भाव विभोर हो गए। पूरे रास्ते फूलों की वर्षा होती रही, व्यापारियों ने भी साधु संतों पर पुष्प वर्षा की और स्वागत किया।
पेशवाई पच प्यारों के अगुवाई में निकाली गई और साफ सुथरा करके फूल डालकर पांच प्यारों को रास्ता दिया गया। सेवाकार पूरे रास्ते अपना कार्य कर रहे थे, जो बोले सो निहाल के जयकारे लगा रहे थे। तलवारबाजी का कला भी दिखाया गया। सहारनपुर हरिद्वार से आए हुए बैंड पार्टियों ने अपना खूब रंग जमाया। शोभा यात्रा काफी लम्बी थी। कोतवाली पुलिस ने ट्रैफिक व्यवस्था सुबह से कंट्रोल किया हुआ था। लोकनाथ चौराहे पर पुलिस के आला अधिकारियों ने साधु संतों को फूलों की माला पहनाकर स्वागत किया।
—————