छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में सात महिला समेत 29 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण
सुकमा/ नारायणपुर,29 जनवरी (हि.स.)। राज्य के नारायणपुर जिले में सक्रिय सात महिलाओं सहित 29 नक्सलियों ने बुधवार काे पुलिस अधिकारियों के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया है। इनमें 2 नाबालिग भी हैं। ये सभी नक्सली कुतुल एरिया कमेटी के सदस्य थे। आत्मसमर्पण
करने नक्सलियों को प्रोत्साहन राशि के रूप में 25 हजार रुपये का चेक प्रदान किया गया है।
नारायणपुर एसपी प्रभात कुमार ने बताया कि क्षेत्र में लगातार चलाये जा रहे पुलिस के नक्सल उन्मूलन अभियान और अति संवेदनशील अंदरुनी क्षेत्रों में लगातार कैम्प स्थापित होने से नक्सलियाें पर दबाव बना है। साथ ही नक्सलियों के अमानवीय, आधारहीन विचारधारा एवं उनके शोषण, अत्याचार तथा बाहरी नक्सलियों के भेदभाव करने तथा स्थानीय आदिवासियों पर होने वाले हिंसा से तंग आकर 29 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है। इनमें सात महिला नक्सली शामिल है। यह सभी नक्सली माड़ डिवीजन के कुतुल एरिया कमेटी के अन्तर्गत सक्रिय रहे हैं।
इन नक्सलियाें के आत्मसमर्पण के माैके पर एसपी प्रभात कुमार के अलावा नवल सिंह कमाण्डेंट बीएसएफ 135वीं वाहिनी, अमित भाटी कमाण्डेंट 53वीं वाहिनी आईटीबीपी, दुष्यंत राज जयसवाल कमाण्डेंट 29वीं वाहिनी, राजीव गुप्ता कमाण्डेंट 45वीं वाहिनी आईटीबीपी, सुशील नायक व ऐश्वर्य चन्द्राकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, अरविंद किशोर खलखो उपपुलिस अधीक्षक डीआरजी नारायणपुर माैजूद रहे है।
आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों में डीली वड़दा पिता बंगा, बटरी बड़दा पिता स्व. दुग्गा, मड़िको वड़दा पिता स्व. मालू, सोनारी वड़दा पिता कोसा वड़दा, कमली वड़दा पिता चैतूराम, मुन्ना वड़दा पिता सुखराम, मंगू राम वड़दा पिता मासाराम वड़दा, बुधराम वड़दा पिता स्व. सुखराम,
रामाराम वड़दा पिता स्व. धोबा, मनकू कुहड़ाम पिता रामलाल, इरपा वड़दा पिता स्व. धोबा, कारिया वड़दा पिता स्व. मसिया वड़दा, सुकमन कोवाची पिता रामनाथ उर्फ रामू, पवन वड़दा पिता लमड़ी, मनी कोवाची पिता स्व. बलदेव कोवाची, धरम मण्डावी पिता स्व. मंगल मण्डावी, रैनू राम पिता मालू राम, राजू राम वड़दा पिता कोहला वड़दा, रैनू राम वड़दा पिता बुधु वड़दा, सन्तु राम वड़दा पिता बुधराम वड़दा, रमेश उसेण्डी पिता स्व. आयतु उसेण्डी, केये राम पिता मस्सु राम, बाेटी राम कश्यप पिता मासो कश्यप, रमेश मरकाम पिता स्व. पीदू मरकाम, माटा उसेण्डी पिता इरपा उसेण्डी, मैनू वड़दा पिता स्व. सुखराम वड़दा और मंगेश वड़दा पिता आयतु वड़दा शामिल हैं।