गणतंत्र दिवस पर नेपाल के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री ने भारत को दिए शुभकामना संदेश
काठमांडू, 26 जनवरी (हि.स.)। भारत के 76वें गणतंत्र दिवस पर नेपाल के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, विदेश मंत्री सहित पूर्व प्रधानमंत्रियों और शीर्ष नेताओं ने शुभकामना संदेश दिया है।
नेपाल के राष्ट्रपति रामचन्द्र पौडेल ने भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के नाम भेजे शुभकामना संदेश में गणतंत्र दिवस पर बधाई देते हुए विश्व पटल पर भारत की उन्नति प्रगति और बढ़ते कद की प्रशंसा की है। नेपाल के राष्ट्रपति ने भारत के मजबूत गणतंत्र से नेपाल के गणतंत्र को प्रेरणा मिलने और नेपाल भी भारत की आर्थिक प्रगति और उन्नति का अनुसरण करने की बात दोहराई है।
नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्फत भारत की जनता को नेपाल की जनता की तरफ से गणतंत्र दिवस की शुभकामना दिया है। अपने सोशल मीडिया एक्स पर शुभकामना देते हुए ओली ने दोनों देशों के बीच संबंधों में और अधिक प्रगाढ़ता आने का विश्वास व्यक्त किया है। उन्होंने लिखा है कि भारत का गणतंत्र और राष्ट्रीय एकता यूं ही फलता फूलता रहे।
इसी तरह नेपाल की विदेश मंत्री डॉ. आरजू राणा ने भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर के नाम शुभकामना संदेश भेजा है। डॉ. राणा ने अपने शुभकामना संदेश में भारत की आर्थिक समृद्धि, सामाजिक प्रगति और सर्वांगीण उन्नति की कामना की है। उन्होंने अपने शुभकामना संदेश में नेपाल भारत के बीच सदियों से चले आ रहे संबंध को और अधिक मजबूती मिलने का विश्वास व्यक्त किया है।
—————