प्रयागराज एयरपोर्ट ने महाकुंभ में बनाया हवाई यात्रा का नया कीर्तिमान
—पहली बार एक दिन में पांच हजार से अधिक श्रद्धालु हवाई यात्रा कर पहुंचे
महाकुंभ नगर,24 जनवरी (हि.स.)। प्रयागराज महाकुंभ ने हवाई यात्रा को भी नई उंचाई दी है। महाकुंभ के 10 दिनों में ही प्रयागराज एयरपोर्ट पर 39,110 यात्री हवाई यात्रा कर आएं हैं। पहली बार एक दिन में पांच हजार से अधिक श्रद्धालु संगम तट पर जाने के लिए हवाई यात्रा कर एयरपोर्ट पर पहुंचे। एक हफ्ते में कुल 226 उड़ानों का संचालन हो चुका है। महाकुंभ के सोशल मीडिया अकाउंट से ये जानकारी दी गई है। बताया गया कि इस महाकुंभ में हवाई यात्रा में एक नया अध्याय जुड़ गया है।
बताते चलें महाकुंभ मेंं प्रयागराज एयरपोर्ट से रात्रि उड़ान सेवा भी यात्रियों को मिल रही है। आंकड़ों के अनुसार 23 जनवरी तक लगभग 10.21 करोड़ श्रद्धालु पवित्र संगम में डुबकी लगा चुके हैं। सूर्य की पहली किरण के साथ संगम तट गंगा मैया की जय और हर हर महादेव के उद्घोष से गूंज रहा है। भगवान सूर्य को जल देते श्रद्धालु भारत की प्राचीन परंपराओं का ह्रदय से पालन करते हुए पुण्यलाभ कमा रहे हैं।