श्रीरामार्चा पूजन से अक्षय पुण्य की प्राप्ति : स्वामी रामदास

श्रीरामार्चा पूजन से अक्षय पुण्य की प्राप्ति : स्वामी रामदास

-माता पार्वती ने भगवान शिव को प्राप्त करने के लिए श्रीरामार्चा पूजन किया था

महाकुम्भ नगर, 01 जनवरी (हि.स.)। महामंडलेश्वर स्वामी रामदास टाटाम्बरी महाराज का शिविर महावीर मार्ग पर लगा हुआ है। शिविर में बुधवार की सुबह से श्रीरामार्चा पूजन और विशाल भण्डारे का आयोजन किया गया। मेला क्षेत्र में आये हुए संत, महात्मा और बड़ी संख्या में शिष्य शामिल हुए।

स्वामी रामदास टाटाम्बरी महाराज ने श्रीरामार्चन पूजन के महत्व के बारे में श्रद्धालुओं को बताया कि श्रीरामार्चन पूजन करने, कराने से सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं और अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है। उन्होंने बताया कि माता पार्वती ने भगवान शिव को प्राप्त करने के लिए श्रीरामार्चा पूजन किया था।

शिविर के व्यवस्थापक स्वामी ध्रुवदास महाराज ने बताया कि श्रीरामार्चा पूजन सुबह से शुरू हुआ और दोपहर बाद विशाल भण्डारे का आयोजन किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में लोग प्रसाद ग्रहण किये। उन्होंने बताया कि श्रीरामार्चन पूजन से अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है। ऐसे में बड़ी संख्या में लोग शामिल होकर पुण्य लाभ प्राप्त किये।

इस दौरान महामंडलेश्वर स्वामी राम संतोषदास महाराज, महामंडलेश्वर स्वामी रामतीर्थदास महाराज, महामंडलेश्वर दामोदर दास महाराज, तुलसीदास महाराज, ऋषिदास महाराज, महामंडलेश्वर गोपाल महाराज, महामंडलेश्वर स्वामी ब्रजभूषण, जगद्गुरु स्वामी रामसुभग दास बिनैका बाबा, प्रसिद्ध कथावाचक स्वामी रामकमल दास वेदांती, स्वामी गंगादास महाराज सहित बड़ी संख्या में संत, महात्मा और बड़ी संख्या में शिष्य शामिल होकर प्रसाद ग्रहण किये।

—————