स्वामी विवेकानंद युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत: मुख्यमंत्री
देहरादून, 11 जनवरी (हि. स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वामी विवेकानंद की जयंती पर उनका भावपूर्ण स्मरण करते हुए ‘राष्ट्रीय युवा दिवस‘ की प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी है। उन्होंने कहा कि विवेकानंद युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। भारत युवाओं का देश है। हमारे युवा देश की ताकत हैं।
मुख्यमंत्री ने जारी एक बयान में कहा कि स्वामी विवेकानंद महान आध्यात्मिक विचारक एवं वक्ता थे। उन्होंने भारतीय दर्शन और भारत की महान संस्कृति के महत्व से देश व दुनिया को परिचित कराने का महान कार्य किया। वह युवाओं के लिए भी प्रेरणा स्रोत थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने हमें उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्त होने तक न रूको का मंत्र दिया था। देश एवं राज्य के विकास के लिए युवाओं का देश के प्रति जिम्मेदार होना जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने उनके दिये गये संस्कारों, विचारों एवं शिक्षा को आगे बढ़ाने की जरूरत बताते हुए कहा कि विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। मुख्यमंत्री ने युवाओं सहित सभी प्रदेशवासियों का आह्वान किया कि वे अपनी ऊर्जा का सकारात्मक उपयोग कर देश एवं प्रदेश के विकास में अपना योगदान देकर सहयोगी बनें।