फतेहाबाद : ट्रक व मोटरसाइकिल की टक्कर में युवक की मौत
फतेहाबाद, 30 जनवरी (हि.स.)। शहर के भूना रोड तिराहे पर गुरुवार को हुए दर्दनाक सडक़ हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। इस हादसे में बाईक सवार अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान हरिपुरा निवासी संदीप के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया वहीं घायल युवक का सरकारी अस्पताल में उपचार चल रहा है। मिली जानकारी के अनुसार गांव हरिपुरा निवासी संदीप वीरवार को मोटरसाइकिल पर सवार होकर किसी काम से फतेहाबाद आया था। जब वह नए बस स्टैंड की तरफ जा रहा था तो रास्ते में फतेहाबाद निवासी अजय ने उससे लिफ्ट ली और बाईक पर बैठ गया। बताया जाता है कि जैसे ही दोनों भूना रोड तिराहे से हाईवे पर चढ़ रहे थे तो उसी दौरान सिरसा की तरफ से आ रहे एक ट्रक ने पीछे से उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार संदीप और अजय दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने संदीप को मृत घोषित कर दिया वहीं अजय का अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवा दिया है और फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।