गरियाबंद के पर्यटक स्थल जतमई में पहुंचा दंतैल हाथी
गरियाबंद/रायपुर, 1 जनवरी (हि.स.)। नए साल के पहले दिन गरियाबंद के पर्यटक स्थल जतमई के घटारानी में उस समय लोग दहशत में आ गए ,जब उन्होंने वहां एक दंतैल हाथी को घूमते देखा। इसके बाद वन अमले ने पर्यटकों को जल्द घर जाने की सलाह दी। हाथी की मौजूदगी से पर्यटन स्थल को खाली कराया गया। बताया जा रहा है कि इस हाथी ने कई लोगों की जान भी ली है। तत्काल इसकी सूचना वन विभाग एवं प्रशासन को दी गई। वन विभाग ने तत्काल पर्यटकों को अलर्ट किया और उन्हें वापस भेजा जा रहा है।
छुरा तहसीलदार रमेश मेहता ने बताया कि सूचना मिली है कि जतमई-छुरा मुख्यमार्ग पर एक दंतैल हाथी विचरण कर रहा है। आज नए वर्ष पर प्रदेशभर के पर्यटक स्थलों में लोग बड़ी संख्या में अपने परिवार और दोस्तों के साथ घूमने पहुंचे थे। पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर वन विभाग ने तत्काल पर्यटकों को अलर्ट किया गया है और उन्हें वापस भेजा जा रहा है। पांडुका-जतमई-छुरा मार्ग को बंद करा दिया है। इस रास्ते पर आवाजाही पूरी तरह से बंद करा दी गई है।
उल्लेखनीय है कि बीते रविवार देर रात एक दंतैल हाथी महासमुंद से गरियाबंद को ओर बढ़ता हुआ नजर आया था। इसके बाद प्रशासन ने जिले के 20 गांवों को हाई अलर्ट पर रखा है। यह छोटा हाथी अपने दल से बिछड़कर महासमुंद जिले से तेजी से गरियाबंद जिले की बढ़ा था। हाथी की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए वन विभाग का अमला पूरी तरह सतर्क है। वन अमला गांव-गांव जाकर लोगों को सुरक्षित रहने की सलाह दे रहा है। इसके अलावा, व्हाट्सएप ग्रुप्स के जरिए भी ग्रामीणों को सतर्क किया जा रहा है।