हिसार : सरकार की ऑनलाइन पॉलिसी कर्मचारी विरोधी : यूनियन
हिसार, 31 जनवरी (हि.स.)। आल हरियाणा पावर कार्पोरेशन वर्कर यूनियन राज्य की कमेटी के आह्वान पर सातरोड़ सब डिविजन में प्रदेश की ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी के विरोध में गेट मीटिंग की गई। मीटिंग में बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने भाग लिया और निगम मैनेजमेंट व हरियाणा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यालय में शुक्रवार को हुई गेट मीटिंग की अध्यक्षता सब यूनिट प्रधान बोबिन्द्र हुड्डा ने की और संचालन सचिव मुकेश खांडा ने किया। गेट मीटिंग को राज्य उपप्रधान जगमेन्द्र पूनिया, यूनिट के वरिष्ठ उपप्रधान रविन्द्र बिश्नोई, यूनिट सचिव रमेश सातरोड़, सह सचिव मुकेश गौतम ने संबोधित किया। वक्ताओं ने कहा कि निगम मैनेजमेंट ऑनलाईन पॉलिसी में भी पक्षपात कर रही है। अपने चहेते कर्मचारियों को पॉलिसी से बाहर किया जा रहा है और बेकसूर कर्मचारियों को पॉलिसी के अंदर लाकर बदली की जा रही है। यूनियन मांग करती है की इस तरह की पक्षपात वाली पॉलिसी को बंद किया और पूरी पॉलिसी को रद्द किया जाए। उन्होंने हरियाणा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि जिस एजेंडे को लेकर सरकार सत्ता में आई थी, उसको भूलकर मनमाने ढंग से काम कर रही है। अपने पूंजीपति घरानों को लाखों करोड़ों का कजऱ् माफ कर रही है, जिसका बोझ देश की गरीब जनता को सहन करना पड़ रहा है। फायदे में चल रहे विभागों का निजीकरण किया जा रहा है। स्मार्ट मीटर लगाकार देश की गरीब जनता, किसान, मजदूर आदि के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। इन सभी मुद्दों को लेकर आगे आने वाले समय में यूनियन एक बड़ा आंदोलन करने पर मजबूतर होगी और इसमें सभी मजदूर, किसान, कर्मचारी और देश की जनता के साथ मिलकर लड़ाई के लिए तैयार रहे। गेट मीटिंग में सब यूनिट के नेता कमल पूनिया, रविन्द्र सेनी, सुंदर, दिनेश, पवन, आत्माराम, कंस्ट्रक्शन से साथी सुरेन्द्र वर्कशॉप से साथी रामनिवास सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद थे।