रैपिडो कर्मी को घायल कर मोबाइल लूटने वाला आरोपित गिरफ्तार
रांची, 18 फरवरी (हि.स.)। पुलिस ने जगरनाथपुर थाना इलाके में रैपिडो कर्मी को घायल कर उसका मोबाइल लूटने के आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित की पहचान केशव सिंह के रूप में हुई है। इस संबंध में पीड़ित ने जगरनाथपुर थाना में मामला दर्ज कराया था। दर्ज प्राथिमिकी के अनुसार 22 जनवरी को रैपिडो कर्मी हिनु चौक के पास सवारी के इंतजार में खड़ा था। उसके पास रैपिडो ऐप पर हटिया रेलवे स्टेशन रोड से हरमू चौक की बुकिंग का मैसेज आया। पिकअप लोकेशन पर पहुंचने पर वहां एक लड़की खड़ी मिली। उसने रैपिडो कर्मी से उसका मोबाइल फोन अपने परिवार से बात करने के लिए मांगा। थोड़ी देर बाद वहां एक लड़का पहुंचा और रैपिडो कर्मी पर लड़की से छेड़छाड़ का आरोप लगाने लगा। इसमें लड़की भी उसका साथ देने लगी। जब रैपिडो कर्मी ने अपना मोबाइल मांगा तो वह लड़का रैपिडो कर्मी से मारपीट करने लगा और चाकू निकाल कर उसे जख्मी कर दिया। उसने कहा कि भाग जाओ नहीं तो जान से मार देंगे। इसके बाद रैपिडो कर्मी वहां से भागकर नजदीक होटल के पास पहुंचा जहां स्थानीय लोगों के सहयोग से उसे अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना को लेकर पुलिस ने टीम गठित कर जाल बिछाया और आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। लड़की के संबंध में आरोपित ने बताया कि वह उसकी पत्नी है। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है
—————