दिल्ली के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार की घोषणा आज, शपथ समारोह कल रामलीला मैदान में

दिल्ली के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार की घोषणा आज, शपथ समारोह कल रामलीला मैदान में

नई दिल्ली, 19 फ़रवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अब कुछ ही घंटों में दिल्ली के मुख्यमंत्री चेहरे की घोषणा करने जा रही है। दिल्ली भाजपा कार्यालय में बुधवार शाम सात बजे भाजपा विधायक दल की बैठक के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री का नाम सामने आयेगा। इसके अगले दिन यानी कल 20 फरवरी को रामलीला मैदान पर दिल्ली के मुख्यमंत्री और मंत्रियों के शपथ समारोह का आयोजन किया गया है।

मुख्यमंत्री शपथ समारोह की तैयारियां रामलीला मैदान पर दो दिन पहले ही शुरू हो गई थी। मुख्यमंत्री शपथ ग्रहण समारोह 20 फरवरी को सुबह दस बजे शुरू होगा। भाजपा ने इसको ‘विकसित दिल्ली शपथ समारोह’ का नाम दिया है।

दिल्ली भाजपा ने अपनी एक्स पोस्ट पर लिखा, दिल्ली की प्रगति का नया अध्याय शुरू होने जा रहा है। ‘विकसित दिल्ली शपथ समारोह’ के साथ ही हम सभी मिलकर दिल्ली में विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर होंगे। आइए रामलीला मैदान, और इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनें !

भाजपा दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (आआपा) की सरकार को सत्ता से बाहर करते हुए बहुमत के साथ आई है। भाजपा ने विधानसभा चुनाव में 48 सीटों पर जीत दर्ज की है और आआपा को 22 सीटों पर संतोष करना पड़ा। कांग्रेस को लगातार तीसरी बार भी दिल्ली में एक भी सीट नहीं मिली है।

भाजपा ने पहली बार 2 दिसंबर 1993 में दिल्ली में सरकार बनाई थी। उस समय मदन लाल खुराना दो साल 86 दिन मुख्यमंत्री रहे। उसके बाद भाजपा ने साहिब सिंह वर्मा को मुख्यमंत्री बनाया और वह दो साल 228 दिन मुख्यमंत्री रहे। इसके बाद 52 दिनों तक सुषमा स्वराज दिल्ली की मुख्यमंत्री रही। उनका कार्यकाल 12 अक्टूबर 1998 से शुरू कर 3 दिसंबर 1998 को खत्म हो गया।

इसके बाद कांग्रेस की 15 साल और आम आदमी पार्टी की दस साल दिल्ली में सरकार रही। भाजपा की बुधवार को मुख्यमंत्री शपथ समारोह के साथ ही दिल्ली में सरकार बनने जा रही है।

—————