भाखड़ा मेन ब्रांच पुलों पर लगेगी रेलिंग, जल्द शुरू होगा काम : श्रीनिवासन
फतेहाबाद, 3 फरवरी (हि.स.)। हिसार मंडल आयुक्त ए. श्रीनिवासन और जिला उपायुक्त मनदीप कौर ने सोमवार को सरदारेवाला भाखड़ा पुल पर हुई दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना स्थल का निरीक्षण किया एवं घटना पर गहरा दु:ख व्यक्त किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए तथा राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की। इसके उपरांत मंडल आयुक्त ने गांव महमड़ा पहुंचकर हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों से मुलाकात की और अपनी संवेदनाएँ प्रकट कीं। उन्होंने इस हृदयविदारक घटना पर शोक व्यक्त करते हुए प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे। प्रशासन द्वारा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने हेतु आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। आयुक्त ने बताया कि हरियाणा सरकार ने जहां जरूरत है उनके मुताबिक बीएमबी (भाखड़ा मेन ब्रांच) के पुलों पर रेलिंग लगाने का निर्णय लिया है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुर्घटनाओं को रोका जा सके। इस कार्य को जल्द शुरू किया जाएगा, और इसकी जिम्मेदारी सिंचाई विभाग को सौंपी गई है। मंडल आयुक्त ए श्रीनिवासन ने बताया कि सरकार जनता की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए तेजी से इस परियोजना पर कार्य करेगी। पुलों पर मजबूत रेलिंग लगने से दुर्घटनाओं की संभावना कम होगी और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी। मंडल आयुक्त ने भरोसा दिलाया है कि यह कार्य शीघ्र पूरा किया जाएगा, ताकि किसी भी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके। उपायुक्त मनदीप कौर ने कहा कि इस दुखद घटना में सरकार और प्रशासन पूरी तरह से मृतक के परिवारजनों के साथ खड़ा है। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मृतकों के परिवारजनों को 2 लाख और घायलों को ₹1 लाख की सहायता राशि देने की घोषणा की है। इसके अतिरिक्त, सरकार द्वारा पीडि़त परिवारों को अन्य आवश्यक सहायता भी प्रदान की जाएगी, ताकि उन्हें इस कठिन समय में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। प्रशासन हर संभव मदद के लिए तत्पर है। इस अवसर पर एसडीएम जगदीश चंद्र, डीएसपी जयपाल सिंह, डीआरओ श्यामलाल, डीडीपीओ अनूप सिंह, अधीक्षण अभियंता ओपी बिश्नोई सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।