जाखल पालिका चुनाव को लेकर पोलिंग पार्टियों ने किया पूर्वाभ्यास

जाखल पालिका चुनाव को लेकर पोलिंग पार्टियों ने किया पूर्वाभ्यास

फतेहाबाद, 20 फरवरी (हि.स.)। जिले की जाखल नगरपालिका के 2 मार्च को होने वाले चुनावों को लेकर प्रशासन जोर-शोर से तैयारियों में जुटा है। सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं नायब तहसीलदार रसविन्द्र सिंह व सचिव प्रवीन कुमार की मौजूदगी में गुरुवार को नगर पालिका जाखल के आम चुनाव की मतदान प्रक्रिया संपन्न करवाने के लिए नियुक्त की गई पोलिंग पार्टियों को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जाखल में पहली रिहर्सल का आयोजन किया गया, जिसमें पोलिंग पार्टियों को चुनाव प्रक्रिया की बारीकियां समझाई गई। मास्टर ट्रेनर विजय बंसल ने पोलिंग पार्टियों को उनके प्रत्येक कार्य और जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने पोलिंग पार्टियों द्वारा भरे जाने वाले सभी फॉर्म के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। रिहर्सल में पोलिंग पार्टियों को ईवीएम मशीनों के संचालन के बारे में भी समझाया गया व उन्हें मौके पर ही हैंड्स-ऑन ट्रेनिंग भी दी गईं। उन्होंने कहा कि पीओ हैंडबुक में वे सारी हिदायतें व नियम लिखे हैं जिनकी जानकारी चुनाव करवाने वाले अधिकारी को होनी जरूरी है। उन्होंने बताया कि 2 मार्च को सुबह 8 से सायं 6 बजे तक मतदान होगा। इससे पूर्व पोलिंग एजेंट्स की मौजूदगी में मॉक पोल करवाया जाएगा। उन्होंने हिदायत दी कि मोक पोल की प्रक्रिया संपन्न होने के बाद ईवीएम मशीन को क्लीयर करना न भूलें। इसी प्रकार मतदान संपन्न होने के बाद मशीन को क्लोज करना भी बहुत जरूरी है। एबीपीओ संदीप जांगड़ा ने पोलिंग पार्टियों को बताया कि निष्पक्ष व पारदर्शी चुनाव करवाने में पोलिंग पार्टी की भूमिका सर्वाधिक महत्वपूर्ण होती है। इसलिए वे मतदान से जुड़ी पूरी प्रक्रिया को अच्छी प्रकार से समझें और सभी नियमों की पूरी जानकारी प्राप्त कर लें। उन्होंने कहा कि यदि कोई समस्या आती है तो उसे अपने स्तर पर हल करें, यदि समाधान नहीं होता तो उच्च अधिकारियों को संपर्क करें। इस मौके पर, उप अधीक्षक मुकेश कुमार, सहायक राजेश कुमार, कुलदीप सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।