फतेहाबाद : एमएम कॉलेज में जॉब फेयर, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस के अधिकारियों ने लिया साक्षात्कार
फतेहाबाद, 11 फरवरी (हि.स.)। मनोहर मेमोरियल कॉलेज फतेहाबाद में मंगलवार को करियर गाइडेंस एंड प्लेसमेंट सैल द्वारा जॉब फेयर का आयोजन किया गया। इस जॉब फेयर में एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस के अधिकारी पहुंचे और विद्यार्थियों का साक्षात्कार लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज प्राचार्य डॉ. गुरचरण दास ने की। प्लेसमेंट सैल इंचार्ज डॉ. रोबिन आनंद ने बताया कि जॉब फेयर को लेकर विद्यार्थियों में काफी उत्साह नजर आया ओर 39 विद्यार्थियों ने इस जॉब फेयर में भाग लिया। कार्यक्रम में एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस फतेहाबाद के ब्रांच मैनेजर महेन्द्र कुमार व विकास अधिकारी रोहित अरोड़ा ने मुख्यअतिथि के तौर पर भाग लिया और विद्यार्थियों का इंटरव्यू लिया। इस जॉब फेयर में साक्षात्कार को लेकर कुल तीन चरण तय किए गए हैं। अंतिम चरण के बाद शार्ट लिस्ट किए गए विद्यार्थियों को अप्वाइंटमेंट किया जाएगा। साक्षात्मक के दौरान एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस के मैनेजर ने विद्यार्थियों से विभिन्न प्रकार के प्रश्न पूछे, जिनमें आज के युग मे लाइफ इंश्योंरेंस का महत्व, लाइफ इंश्योरेंस क्यों जरूरी है और इसके क्या लाभ है। इसके अलावा उन्होंने विद्यार्थियों से उनके लक्ष्यों और भविष्य की योजनाओं के बारे में भी सवाल-जवाब किए। विद्यार्थियों ने भी पूरी कॉन्फिडेंस के साथ सवालों के जवाब दिए, जिससे एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस के अधिकारी संतुष्ट नजर आए। प्राचार्य डॉ. गुरचरण दास ने अधिकारियों का कॉलेज पहुंचने पर धन्यवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर अपने लक्ष्य के प्रति सचेत रहने और इस दिशा में पूर्ण मेहनत व ईमानदारी के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।