सड़क हादसों में दो लोगों की मौत, दो घायल 

सड़क हादसों में दो लोगों की मौत, दो घायल 

फिरोजाबाद, 3 फरवरी (हि.स.)। जनपद में सोमवार को अलग-अलग थाना क्षेत्र अन्तर्गत दो सड़क हादसे हुए। एक हादसे में पिता की मौत हो गई। जबकि पुत्र घायल हो गया। वहीं दूसरे हादसे में पुत्र की मौत हो गई। जबकि मां घायल है। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है।

जनपद आगरा के थाना एत्मादपुर क्षेत्र के गांव भागूपुर निवासी अवधेश कुमार (47) बेटे मयंक (25) के साथ कहीं जा रहा था। वह थाना नारखी क्षेत्र के गांव बेंदी के समीप पहुंचा ही था तभी उसकी मोटरसाइकिल असंतुलित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में पिता की मौत हो गई। जबकि पुत्र घायल हो गया। सूचना मिलते ही नेशनल हाईवे की एंबुलेंस मौके पर पहुंची। वह दोनों को जिला अस्पताल लेकर आई। जहां पुत्र मयंक को उपचार के लिए भर्ती कराया गया। अवधेश के शव को पोस्टमार्टम गृह में रखवा दिया।

दूसरी घटना में थाना मटसेना क्षेत्र के दबरई निवासी आकाश (22) अपनी मां सुमन (40) को मोटरसाइकिल पर बैठाकर किसी रिश्तेदारी से लौट रहा था। उसकी मोटरसाइकिल काे थाना मक्खनपुर क्षेत्र के बिल्टीगढ़ रोड पर तेज गति से आ रही एक कैंटर ने टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि मां-बेटा दोनों घायल हो गए। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल लेकर आई। जहां चिकित्सक ने आकाश को मृत घोषित कर दिया। जबकि सुमन को उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कर लिया गया।