विद्यालयों में व्याख्याताओं के रिक्त पदों को अधिकाधिक भरने के प्रयास – शिक्षा मंत्री

विद्यालयों में व्याख्याताओं के रिक्त पदों को अधिकाधिक भरने के प्रयास – शिक्षा मंत्री

जयपुर, 28 फ़रवरी (हि.स.)। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने शुक्रवार को विधानसभा में कहा कि राज्य सरकार द्वारा वर्ष 2019 से दिसम्बर 2024 तक क्रमोन्नत विद्यालयों में व्याख्याताओं के रिक्त पदों को अधिक से अधिक संख्या में भरने के लिए प्रयास किये जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि 50 प्रतिशत पदों को पदोन्नति तथा शेष पदों को सीधी भर्ती के माध्यम से भरा जाएगा। उन्होंने बताया कि व्याख्याताओं की भर्ती की कार्यवाही प्रक्रियाधीन है तथा 22 हजार से अधिक पदों को भर दिया गया है। उन्होंने कहा कि गत सरकार द्वारा वर्ष 2022-23 में बिना व्याख्याताओं के पद स्वीकृत किये 3 हजार 822 माध्यमिक विद्यालयों को उच्च माध्यमिक विद्यालयों में क्रमोन्नत कर दिया गया। इसी प्रकार वर्ष 2023-24 में 672 उच्च प्राथमिक विद्यालयों को उच्च माध्यमिक विद्यालयों में क्रमोन्नत किया, लेकिन एक भी पद स्वीकृत नहीं किया। इसके कारण प्रदेश के छात्र-छात्राओं को पढ़ाई का नुकसान उठाना पड़ा।

इससे पहले विधायक गणेश घोगरा के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में शिक्षा मंत्री ने बताया कि वर्ष 2019-20 में 287 विद्यालयों, वर्ष 2020-21 में 82 विद्यालयों तथा वर्ष 2021-22 में 240 विद्यालयों को माध्यमिक से उच्च माध्यमिक विद्यालयों में क्रमोन्नत किया गया। इसी प्रकार वर्ष 2022—23 में 1151 तथा वर्ष 2024-25 में 9 विद्यालयों को उच्च प्राथमिक से उच्च माध्यमिक में क्रमोन्नत किया गया।

—————