निगम महापौर ने ली सफाई कर्मचारियों की आवश्यक बैठक, दिए निर्देश
जगदलपुर, 7 मार्च (हि.स.)। नगर निगम कार्यालय में आज शुक्रवार काे नवनिर्वाचित महापौर संजय पांडे ने अपने कार्यकाल की पहली बैठक में सभी सफाई कर्मचारियों की बैठक लेकर शहर की सफाई व्यवस्था काे सुदृढ करने के लिए उनसे सहयोग की अपील की। अनुपस्थित कर्मचारियों को शो-काज नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए। महापाैर संजय पाण्डे ने बैठक में कहा स्वच्छता के तहत सुबह व शाम दोनों समय कचरा का संग्रहण किया जाए। सफाई कर्मचारियों से उन्होंने काम में कसावट लाने कहा। शहर के मेन रोड में विशेष तौर पर सफाई अभियान चलाने के निर्देश भी उन्होंने दिए। वन टू वन कर्मचारियों से पूरे शहर की सफाई व्यवस्था की जानकारी भी उन्होंने ली। उन्हाेंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत से निगम में भाजपा की सरकार बनी है, जनता के उम्मीद पर खरा उतरना है। संजय पाण्डे ने सभी सफाई दरोगा को सफाई व्यवस्था हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा शहर के विकास में सभी पार्षदों को महापौर के रूप में मेरा सहयोग रहेगा। सब मिलकर शहर के विकास के लिए काम करेंगे। बैठक में पार्षद पितामह नायक, हरीश पारख, हेमंत श्रीवास, दरोगा, मेट सहित सफाई कर्मचारी उपस्थित रहे।
—————