समाज कल्याण पदाधिकारी ने किया आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण

समाज कल्याण पदाधिकारी ने किया आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण

खूंटी, 17 मार्च (हि.स.)। उपायुक्त लोकेश मिश्रा के निर्देश पर सोमवार को जिले के अड़की प्रखंड के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सुमन सिंह ने किया। निरीक्षण का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों में चल रही योजनाओं की प्रगति, सेवाओं की गुणवत्ता और बच्चों को दी जा रही सुविधाओं की समीक्षा करना था। साथ हीं इस आंगनबाड़ी केंद्र को मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र के रूप में भी विकसित किया जाना है।

निरीक्षण के दौरान जिला समाज कल्याण पदाधिकारी ने आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों को दिए जा रहे पोषण आहार, टीकाकरण, साफ-सफाई और शैक्षणिक गतिविधियों का जायजा लिया। जिला समाज कल्याण पदाधिकारी ने केंद्रों पर उपलब्ध पोषण आहार की गुणवत्ता और वितरण प्रक्रिया की जांच की और यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि सभी बच्चों को समय पर पोषक तत्व युक्त भोजन मिले।

उन्होंने गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं को प्रदान की जा रही सेवाओं की भी जानकारी ली और उन्हें जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। जिला समाज कल्याण पदाधिकारी ने कहा कि सरकार की योजनाओं का सही तरीके से क्रियान्वयन सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है। प्रखंड स्तर पर आंगनबाड़ी सेविकाओं को पोषण भी पढ़ाई भी विषय पर दिए जा रहे प्रशिक्षण कार्यक्रम का भी निरीक्षण किया। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य तीन से छह वर्ष तक के बच्चों को पोषण के अतिरिक्त उन्हें रोचक तरीके से प्रशिक्षण देनेे पर आधारित है।

—————