राज्यपाल से जेपीएससी अध्यक्ष और नीलाम्बर-पीताम्बर विश्वविद्यालय के कुलपति की शिष्टाचार भेंट

राज्यपाल से जेपीएससी अध्यक्ष और नीलाम्बर-पीताम्बर विश्वविद्यालय के कुलपति की शिष्टाचार भेंट

रांची, 07 मार्च (हि.स.)। झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) के नवनियुक्त अध्यक्ष एल. खियांग्ते ने शुक्रवार को राज भवन में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से शिष्टाचार भेंट की।

इस दौरान राज्यपाल ने उन्हें आयोग के कार्यों की समीक्षा करने की सलाह दी और झारखंड लोक सेवा आयोग की नियुक्ति प्रक्रिया में गति, पारदर्शिता और निष्पक्षता लाने के लिए निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस प्रयास से आयोग अपनी खोई हुई विश्वसनीयता पुनः प्राप्त करेगा, जिससे जनमानस में इसकी छवि बेहतर होगी और विद्यार्थियों की शिकायतें दूर होंगी।

इसके अलावा, राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से पलामू के नीलाम्बर-पीताम्बर विश्वविद्यालय के नवनियुक्त कुलपति डॉ. डीके सिंह ने भी राज भवन में शिष्टाचार भेंट की। राज्यपाल ने डॉ. सिंह से विश्वविद्यालय में उच्च शिक्षा की स्थिति में सुधार लाने के लिए व्यापक प्रयास करने की अपील की। उन्होंने विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों को गुणात्मक शिक्षा प्रदान करने, अकादमिक कैलेंडर का पालन करने और सत्र के नियमितीकरण के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।

—————