जिला निर्वाची पदाधिकारी ने की राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक
खूंटी, 18 मार्च (हि.स.)। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चुनावी प्रक्रियाओं को और मजबूत करने को लेकर समाहरणालय में मंगलवार को उपायुक्त लोकेश मिश्रा की अध्यक्षता में सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता बनाए रखने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने सभी दलों का आह्वान किया कि वे लोकप्रतिनिधित्व अधिनियम 1950 एवं 1951, निर्वाचक निबंधन नियम 1960 एवं चुनाव संचालन नियम 1961 के तहत निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन करें।
किसी भी प्रकार की समस्या या सुझाव जिला निर्वाचन कार्यालय को लिखित रूप में उपलब्ध कराएं। सभी प्राप्त सुझावों एवं समस्याओं को आयोग को भेजने की बात उपायुक्त ने कही। बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, अपर समाहर्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी आदि उपस्थित थे।
—————