सांसद ने हजारीबाग मेडिकल कॉलेज अस्पताल का किया निरीक्षण
हजारीबाग, 7 मार्च (हि.स.)। हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल ने शुक्रवार को हजारीबाग मेडिकल कॉलेज अस्पताल की व्यवस्था सुदृढ़ करने को लेकर औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण की सूचना मिलते ही वहां अफरा- तफरी मच गई। प्रबंधन, चिकित्सक, चिकित्साकर्मी सभी अलर्ट मोड में दिखे।
सांसद मनीष जायसवाल सीधे ट्रामा सेंटर पहुंचे जहां पर्ची काउंटर में घंटों से पर्ची के इंतजार में खड़े लोगों के समस्याओं से रूबरू हुए और फ़िर यहां इमरजेंसी ओपीडी, ड्रेसिंग रूम, प्लास्टर रूम का निरीक्षण करने के बाद सीधे अधीक्षक डॉ.अनुकरण पूर्ति के कार्यालय कक्ष में पहुंचे और अस्पताल के कुव्यवस्था से जुड़े विभिन्न सवालों को जब बारी-बारी से रखा तो कई सवालों पर अधीक्षक घिरते नजर आए।
दरअसल उन्हें पिछले दिनों यह शिकायत मिली थी कि अस्पताल में 100 रुपए पैसे लेकर या मोबाइल गिरवी रखकर कंबल, व्हीलचेयर और स्ट्रेचर दिया जा रहा है। कुछ लोगों ने यह भी शिकायत की थी कि बेडशीट भी नहीं मिल पाता है और बेडशीट रहते हुए भी चिकित्सा कर्मियों की ओर से बोला जाता है कि बेडशीट नहीं है।
सांसद ने अधीक्षक डॉ. अनुकरण पूर्ति से अस्पताल परिसर में अधिष्ठापित दो पीएसए ऑक्सीजन प्लांट बंद होने, पंजीकरण काउंटर में मेन पावर की कमी, विभिन्न वार्डों में बेडशीट, कंबल, व्हील चेयर, स्ट्रेचर के लिए मरीजों के परिजनों से मोबाइल और पैसा जमा कराए जाने, विभिन्न वार्डों में मरीज से कैथेटर लगाने, ड्रेसिंग करने सहित अन्य सुविधा के लिए भी मनमानी वसूली किए जाने, रविवार की रात को अस्पताल का जांच घर कार्य नहीं करने, हॉस्पिटल के सीनियर डॉक्टर दूसरी पाली के ओपीडी और विशेषकर रात्रि में उपलब्ध नहीं रहने, लेबर रूम में मनमानी वसूली किए जाने सहित अन्य मामले को गंभीरता से कई सवाल पूछा और इसपर लिखित जबाव भी मांगा है।
—————