स्वास्थ्य सेवाओं में गंभीरता बरतें जिम्मेदार : एडी हेल्थ
बरेली, 6 मार्च (हि.स.) । स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए एडी हेल्थ डॉ. साधना अग्रवाल ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने बहेड़ी, फरीदपुर सहित विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों पर गंदगी और अव्यवस्था की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए तुरंत सुधार के निर्देश दिए।
डॉ. अग्रवाल ने सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह को सभी स्वास्थ्य केंद्रों की नियमित जांच करने और लापरवाही बरतने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि मरीजों को स्वच्छ वातावरण और बेहतर इलाज मुहैया कराना प्राथमिकता है। हाल ही में कुछ केंद्रों पर अव्यवस्था की शिकायतें मिलने पर उन्होंने नाराजगी जाहिर की और अधिकारियों को तुरंत व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। उन्हाेंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप, स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन तक सुचारू रूप से पहुँचाने के लिए कड़े कदम उठाए जा रहे हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और यदि किसी केंद्र में अनियमितता पाई जाती है तो दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।