शहीद विश्वनाथ सिंह की प्रतिमा का हुआ अनावरण
पलामू, 5 अप्रैल (हि.स.)।पलामू के तरहसी प्रखंड के टंडवा नौगढ़ में शहीद विश्वनाथ सिंह के 30वें शहादत दिवस पर शनिवार को उनकी आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया गया। प्रतिमा का अनावरण चतरा के सांसद कालीचरण सिंह और पांकी विधायक डॉ शशिभूषण मेहता एवं नौगढ़ मुखिया विजय शंकर पाण्डेय ने संयुक्त रूप से किया।
उल्लेखनीय है कि शहीद जवान विश्वनाथ सिंह 27 मार्च 1996 में जम्मू-कश्मीर में आतंकवादियों से लड़ते हुये शहीद हो गये थे। नौगढ़ मुखिया विजय शंकर पाण्डेय की सक्रियता से पांकी विधायक ने अपने कोटे की राशि से शहीद की प्रतिमा स्थापित कराई।
मौके पर सांसद ने कहा कि अमर जवान विश्वनाथ सिंह जैसे बहादुर सैनिकों की वजह से हमारा देश सुरक्षित है और हम चैन की नींद सो पाते हैं। उन्होंने कहा कि विश्वनाथ सिंह की शहादत को भुलाया नहीं जा सकता। ऐसे जवान एवं उनके परिवार के प्रति देश कर्जदार रहेगा।
इस अवसर पर पांकी विधायक ने कहा कि यह प्रतिमा आज के युवाओं के साथ साथ आनेवाले पीढ़ी को भी देशसेवा के लिए प्रेरणा देगा ।
मौके पर पांकी विधायक के जिला प्रतिनिधि प्रकाश मेहता, बच्चन ठाकुर, ललित मेहता, विरेन्द्र वर्मा, साधु मांझी, मुखिया सुजित राम, भीम प्रभाकर सिंह, प्रमेशवर साव, पांकी मंडल अध्यक्ष शत्रुघ्न सिंह सहित अन्य लोग मौजूद थे।
—————