प्रताप बाजवा के खिलाफ ‘आआपा’ ने किया प्रदर्शन

प्रताप बाजवा के खिलाफ ‘आआपा’ ने किया प्रदर्शन

– “कांग्रेस का हाथ आतंकवादियों के साथ” के नाम से तख्तियां पकड़ खोला मोर्चा

अमन अरोड़ा की चेतावनी, बाजवा या तो पुलिस को सच बताएं या डर फैलाने के लिए पंजाब से बिना शर्त और देरी किए मांगे माफ़ी

चंडीगढ़, 15 अप्रैल (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आआपा) ने मंगलवार काे मोहाली में कांग्रेस नेता प्रताप बाजवा के ग्रेनेड वाले भड़काऊ बयान के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और बाजवा के बयान को पंजाब की शांति और सद्भाव को नुकसान पहुंचने वाला बताया। ‘आआपा’ पंजाब के अध्यक्ष अमन अरोड़ा के नेतृत्व में कैबिनेट मंत्री डॉ. रवजोत सिंह और डॉ. बलबीर सिंह के साथ विरोध प्रदर्शन में कई वरिष्ठ पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अमन अरोड़ा ने बाजवा पर निशाना साधते हुए कहा कि पंजाब में 50 ग्रेनेड आने के बाजवा के बेबुनियाद दावे, दहशत पैदा करने और आप सरकार द्वारा बहाल की जा रही शांति को भंग करने का एक प्रयास है। अगर बाजवा के पास विश्वसनीय जानकारी है, तो वह इसे पंजाब पुलिस के साथ क्यों नहीं साझा कर रहे हैं? इसके बजाय वह राजनीतिक लाभ के लिए डर फैला रहे हैं।

अरोड़ा ने बाजवा के सामने दो स्पष्ट विकल्प रखे। पहला- अपनी सूचना का स्रोत पुलिस को बताएं और दूसरा- अगर बात झूठी है तो पंजाब के लोगों से माफी मांगें। उन्होंने कहा कि यदि उनके दावे सही होंगे तो उनके खिलाफ दर्ज एफआईआर तुरंत रद्द की जाएगी। अगर जानकारी गलत निकली तो उनपर कारवाई की जानी चाहिए।

अरोड़ा ने अधिकारियों के साथ सहयोग करने से इनकार करने के लिए बाजवा की आलोचना की और उनकी विश्वसनीयता पर सवाल उठाया। अरोड़ा ने कहा, “यदि बाजवा अपने दावों को प्रमाणित नहीं कर पाते हैं, तो इससे उनके इरादों पर बेहद गंभीर संदेह पैदा होता है। पंजाब की खुफिया एजेंसियों के प्रति जनता के विश्वास को कम करने का प्रयास करके वह उन ताकतों का समर्थन कर रहे हैं जो राज्य को अस्थिर करना चाहते हैं।”

डॉ. रवजोत सिंह और डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि आप सरकार ने नशा, भ्रष्टाचार और गैंगस्टरों को खत्म करने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं, जो पिछली सरकारों के दौरान बड़े पैमाने पर व्याप्त थे। डॉ. बलबीर ने कहा, “कांग्रेस, भाजपा और अकाली दल पंजाब की समस्याओं के लिए जिम्मेदार है और अब वे राज्य की प्रगति को पटरी से उतारने के लिए एकजुट हो गए हैं। विरोध प्रदर्शन के दौरान विधायक जसवंत सिंह गज्जनमाजरा, कुलवंत सिंह, आप पंजाब के महासचिव जगरूप सिंह सेखवां, हरचंद सिंह बरसट, आप नेता रणजोत हडाना, अमनदीप सिंह मोही, नील गर्ग, गोविंदर मित्तल, विनीत वर्मा, परमिंदर गोल्डी, प्रभजोत कौर, करमजीत कौर, विक्की घनौर और सैकड़ों आप कार्यकर्ता मौजूद थे।

—————