सिरसा: अपने संकल्प के साथ काम कर रही है भाजपा: यतिंद्र सिंह
सिरसा, 9 अप्रैल (हि.स.)। भाजपा के सिरसा जिलाध्यक्ष यतिंद्र सिंह एडवोकेट ने कहा कि भाजपा अपने संकल्प के साथ काम कर रही है। भाजपा ने संकल्प लिया था कि हर हाथ को काम होगा और आज उसी संकल्प को पूरा करते हुए सरकार काम कर रही है।
यतिंद्र सिंह एडवोकेट बुधवार को सिरसा में सक्रिय कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि नए-नए उद्योग लगाए जा रहे हैं। बिना भेदभाव व पर्ची खर्ची के युवाओं को सरकारी नौकरियां दी जा रही हैं, जोकि पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यकाल में संभव नहीं हो पाया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आज विश्व का सबसे बड़ा राजनैतिक दल है। कार्यकर्ताओं ने वो दिन भी देखे हैं, जब गिने चुने कार्यकर्ता, विधायक और सांसद हुआ करते थे। आज देश में भाजपा के सबसे ज्यादा सांसद-विधायक और जन प्रतिनिधि हैं।
भाजपा के प्रदेश सचिव सुरेंद्र आर्य ने कहा कि 47 लाख सदस्यों के साथ भाजपा की प्रदेश में तीसरी बार सरकार बनना ऐतिहासिक है। 2 से 302 सांसद का सफर आसान नहीं था, ये सब आप जैसे कर्मठ कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है। प्रधानमंत्री की विकसित भारत की यात्रा पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि जो सपना प्रधानमंत्री ने देश के लिए देखा है, देश की जनता उसे अपने जनमत से जरूर पूरा करेगी।
—————