फतेहाबाद : सस्ती कीमत पर गाड़ी दिलवाने का झांसा देकर 10 लाख ठगे

फतेहाबाद : सस्ती कीमत पर गाड़ी दिलवाने का झांसा देकर 10 लाख ठगे

फतेहाबाद, 27 अप्रैल (हि.स.)। सस्ती कीमत पर गाड़ी दिलवाने का झांसा देकर टोहाना के व्यापार से 10 लाख की ठगी होने का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने रविवार को पीडि़त युवक की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में न्यू गुप्ता कालोनी, टोहाना निवासी वरूण कुमार ने कहा है कि वह टोहाना में रेडीमेड कपड़ों का काम करता है। अप्रैल 2024 में टोहाना में उसकी मुलाकात सबीन पुत्र रसीद निवासी अजीजाबाद जिला पलवल के साथ हुई। सुबीन ने उसे बताया कि वह बैंक से वाहनों से सम्बंधित लोन का काम करता है। अगर कोई ग्राहण लगातार दो किस्त नहीं भर पाता तब लोन वेवर स्कीम के तहत उक्त लोन वाली गाड़ी में 5 से 6 लाख की कीमत कम कर दी जाती है। फाइनल सैटलमेंट करके एनओसी प्राप्त करके गाड़ी आप जैसे खरीददारों को 5-6 लाख सस्ती बेच दी जाती है। वरूण ने कहा कि सुबीन ने बातों का झांसा देकर बताया कि उसने कोई गाड़ी लेनी है तो वह स्कीम के फायदे को देखते हुए उसके भाई के नाम से लोन की गाड़ी शोरूम से निकलवाकर सीधे उसे दे देगा। छह महीने बाद बैंक से सैटलमेंट करवाकर गाड़ी की एनओसी लेकर गाड़ी उसके भाई से उसके नाम आरसी ट्रांसफर करवा देगा। इस पर उसने स्कार्पियो लेने की इच्छा जताई तो सुबीन ने कहा कि वह उसे 10 लाख नकद दे दे और वह उसके भाई नाम से गाड़ी निकलवा देगा। इस पर उसने 10 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद जब उसने सुबीन से गाड़ी बारे पूछा तो वह आजकल तो कभी बुकिंग लेट होने का बहाना बनाकर टाल-मटोल करता रहा। इस पर उसने अगस्त 2024 में अपने पैसे वापस मांगे तो वह टालमटोल करने लगा और 6 महीने बीत जाने के बावजूद पैसे नहीं लौटाए तो उसने इस बारे पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई। इस मामले में पुलिस ने आरोपी सुबीन के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।