मुख्यमंत्री योगी ने बरेली मंडलीय समीक्षा बैठक में चेताया भ्रष्टाचार फैला तो खैर नहीं

मुख्यमंत्री योगी ने बरेली मंडलीय समीक्षा बैठक में चेताया भ्रष्टाचार फैला तो खैर नहीं

बरेली, 01 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बरेली में मंडलीय अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाले पुराने राजस्व वादों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों से टीबी रोगियों को गोद लेने को कहा और उनके स्वास्थ्य की निगरानी का आग्रह किया। उन्होंने इंटीग्रेटेड मुख्यालय की स्थापना और इंफ्रास्ट्रक्चर विकास की योजना बनाने को कहा। बरेली में 300 बेड वाले अस्पताल और मानसिक चिकित्सालय की जमीन को मिलाकर सुपर स्पेशलिटी अस्पताल बनाने का प्रस्ताव मांगा। अपराध नियंत्रण हेतु ई-रिक्शा/टैक्सियों का सत्यापन और इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम लागू करने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री योगी ने जल जीवन मिशन की प्रगति की समीक्षा करते हुए स्वच्छ पेयजल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। स्मार्ट सिटी परियोजनाओं की समीक्षा में उन्होंने सरकारी भूमि के अभिलेख तैयार कर सभी कार्यालयों को एक छत के नीचे लाने का सुझाव दिया। उन्होंने सेफ सिटी अभियान की प्रगति जानी और ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत लगे सीसीटीवी कैमरों की समीक्षा की। साथ ही, पैट्रोलिंग बढ़ाने, धर्मांतरण रोकने, सोशल मीडिया की निगरानी करने और शिकायत पेटिका लगाने के निर्देश दिए। बैठक में जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्रीय समस्याएं रखीं, जिनमें सड़कों, पुलों, बसअड्डो और मंडियों के निर्माण की मांग प्रमुख थी। मुख्यमंत्री ने विकास परियोजनाओं को समयबद्ध पूरा करने हेतु नोडल अधिकारी नियुक्त करने का निर्देश दिया।