साइक्लोथॉन 2.0 यात्रा फतेहाबाद से सिरसा रवाना, 61 हजार पंजीकरण से फतेहाबाद रहा अव्वल
फतेहाबाद, 26 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा सरकार की नशा मुक्त हरियाणा की अवधारणा को सार्थक करने के उद्देश्य से निकाली जा रही साइक्लोथॉन 2.0 दो दिन तक जिला फतेहाबाद में जागरूकता मुहिम चलाने के साथ ही शनिवार सुबह जिला सिरसा के लिए रवाना हुई। उपायुक्त मनदीप कौर ने साइक्लोथॉन 2.0 यात्रा को झंडी दिखाकर रवाना किया। साइक्लोथॉन 2.0 यात्रा शिवालय मार्किट स्थित श्रीराम सेवा समिति धर्मशाला से सिरसा रोड खैराती खेड़ा प्वाइंट, दरियापुर से होते हुऐ जिला सिरसा के गांव मोरीवाला से अगले जिला में प्रवेश कर गई। जिला के विभिन्न जगह यात्रा का भव्य स्वागत हुआ। साइकिल चलाते हुए हजारों की संख्या मेंं प्रतिभागी छात्र-छात्राओं एवं खिलाडिय़ों के साथ साइकिल चलाते हुए नशा मुक्ति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में जिला के नागरिक आगे रहे। यात्रा के दौरान जिला के नागरिकों व विद्यार्थियों ने प्रेरक स्लोगन लिखे पोस्टरों से स्वागत किया और प्रतिभागियों पर पुष्प वर्षा की। इस अवसर पर पूर्व विधायक दुड़ाराम ने ड्रग्स फ्री हरियाणा के संदेश के साथ निकाली जा रही साइक्लोथॉन 2.0 यात्रा में प्रतिभागियों के साथ साइकिल चलाकर उनका हौसला बढ़ाया। साइक्लोथॉन रजिस्ट्रेशन में जिला रहा अव्वलउपायुक्त मनदीप कौर ने कहा कि साइक्लोथॉन 2.0 यात्रा का जिला में भव्य स्वागत किया। यात्रा में ज्यादा से ज्यादा भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर उपायुक्त ने जिला रेडक्रॉस सोसायटी, स्कूल व कॉलेज विद्यार्थियों, युवाओं सहित जिला के वरिष्ठ नागरिकों का धन्यवाद किया। उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए बताया कि साइक्लोथॉन में भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 61860 नागरिकों ने अपना रजिस्ट्रेशन करवाया जोकि प्रदेश के अंदर जिला फतेहाबाद ने अव्वल स्थान पाया है। गांव दरियापुर में साइक्लोथॉन के पहुंचने पर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीण जोड़ा ने भाजपा कार्यकर्ताओं के संग यात्रा का जोरदार स्वागत किया। उन्होंने कहा कि साइकिल यात्रा के माध्यम से आमजन को नशे के विरुद्ध शुरू किए गए युद्ध में भागीदार बनते हुए नशा मुक्त हरियाणा का लक्ष्य प्राप्त करना है। इस मौके पर एसपी सिद्धांत जैन, एडीसी अनुराग ढालिया, एसडीएम राजेश कुमार, जिप सीईओ सुरेश कुमार, डीएसपी जगदीश काजला व नर सिंह, अधीक्षण अभियंता ओपी बिश्रोई, डीआरओ श्याम लाल, डीडीपीओ अनूप सिंह, सीएमओ डॉ. कुलप्रतिभा, सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के उप निदेशक अमित पंवार सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।