विश्व धरोहर दिवस पर डीएवी पुलिस स्कूल के छात्रों ने बनावाली का दौरा किया
फतेहाबाद, 18 अप्रैल (हि.स.)। विश्व धरोहर दिवस पर पुलिस लाइन स्थित डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने शुक्रवार को फतेहाबाद के गांव बनावाली में उत्खन्न स्थल का दौरा किया। इस भ्रमण में कक्षा 11वीं और 12वीं के कला संकाय के विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को अपने ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण के लिए जागरूक करना रहा। गांव बनावाली एक महत्वपूर्ण सिंधु घाटी सभ्यता स्थल है, छात्रों को यहां प्राचीन शहरी नियोजन, मिट्टी के बर्तन और कलाकृतियों की झलक दिखाई गई। इस यात्रा ने उनकी भारतीय विरासत और इतिहास की समझ को समृद्ध किया, और कक्षा में सीखने को वास्तविक जीवन की खोज से जोड़ा। विद्यालय के प्राचार्य अरूण शर्मा ने विद्यार्थियों को रवाना करते हुए कहा कि हमारे देश में ताजमहल, कुतुब मीनार, अजंता-एलोरा, खजुराहो, हम्पी और कई अन्य विश्व धरोहर स्थल मौजूद हैं। ये स्थल हमें हमारे गौरवशाली अतीत से जोड़ते हैं और विश्व में भारत की एक खास पहचान बनाते हैं। आज के समय में बढ़ते शहरीकरण, प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और लापरवाही के कारण ये स्थल खतरे में हैं। ऐसे में यह जरूरी हो जाता है कि हम अपनी धरोहरों को बचाने और उन्हें आने वाली पीढिय़ों के लिए सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी लें। उन्होंने कहा कि विद्यालय में ऐसे अनुभवों के महत्व पर जोर दिया जाता है, जो छात्रों में सांस्कृतिक मूल्यों को संरक्षित करने और ऐतिहासिक जागरूकता को बढ़ावा देने में मदद करते हैं।