ओडिशा दौरे पर गए दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष और प्रतिनिधिमंडल ने किए भगवान जगन्नाथ के दर्शन
नई दिल्ली, 16 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता और ओडिशा दौरे पर गए प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को पुरी में भगवान जगन्नाथ का दर्शन और पूजा अर्चना की। इस अवसर पर विजेंद्र गुप्ता की धर्मपत्नी शोभा विजेंद्र और ओडिशा में पुरी से लोकसभा सांसद संबित पात्रा मौजूद रहे।
विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि पुरी की पावन नगरी में हृदय अध्यात्म से भर गया। इस धरती पर सनातन संस्कृति के महान संतों ने भ्रमण किया है। जगद्गुरु आदि शंकराचार्य ने यहीं गोवर्धन पीठ की स्थापना की। आस्था के चार धामों में से एक भगवान जगन्नाथ के दर्शन से मन प्रफुल्लित है। ईश्वर से प्रार्थना है कि समस्त विश्व का कल्याण करें, जनमानस को निरोगी जीवन दें।
दर्शन के बाद विजेंद्र गुप्ता ने पुरी में हेरिटेज विलेज रघुराजपुर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने पद्मश्री गुरु मगुनी दास द्वारा स्थापित गुरुकुल का भ्रमण किया। उन्होंने हस्तकला के कलाकारों से भी बातचीत की। गुप्ता ने कलाकारों द्वारा बनाए तलपत्र चित्रों की सराहना की। इस भ्रमण के दौरान लोकसभा सांसद संबित पात्रा भी उनके साथ थे। विधानसभा अध्यक्ष और उनके साथ गए प्रतिनिधि मंडल ने कोणार्क स्थित सूर्य मंदिर का भी भ्रमण किया।
इससे पहले आज दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने सांसद संबित पात्रा ने शिष्टाचार भेंट की। संबित पात्रा ने विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता, विधानसभा उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट को ओडिशा का पारंपरिक गमछा पहनाकर स्वागत किया।
दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष ने संबित पात्रा से मुलाकात के दौरान दिल्ली विधानसभा में चल रहे विधायी कार्यों और दिल्ली विधानसभा में ई विधान के क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत चर्चा की।
संबित पात्रा ने दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष को आठवीं विधानसभा के दो सत्रों की सफल बैठकों के आयोजन के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने दिल्ली विधानसभा की कार्यवाही में आए सकारात्मक बदलावों के लिए गुप्ता की सराहना की।
—————