आतंकी घटना के विरोध में गाजियाबाद का बाजार बंद
गाजियाबाद, 25 अप्रैल (हि.स.)। कश्मीर के पहलगाम में हुई आतंकवादियों की दुर्दांत और अमानवीय घटना ने सम्पूर्ण राष्ट्र अभी भी गहरे शोक में डूबा है और देश की जनता में उबाल है। इस हृदय विदारक घटना के विरोध में गाजियाबाद में शुक्रवार को बाजार बंदी का व्यापक असर दिखाई दिया। जिले के पुराने शहर में तो पूरी तरह से कारोबार ठप रहा और बाजार बंद रहे। आतंकवाद के मुद्दे पर सभी व्यापार मंडल आज एकजुट दिखाई दिए। व्यापारियों ने चौपला पर धरना दिया। इस दौरान व्यापारियों ने पहलगाम घटना की निंदा की। साथ ही पाकिस्तान के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
व्यापारी नेताओं ने कहा कि इस साजिश में पाकिस्तान का हाथ है। भारत सरकार को अब पाकिस्तान के खिलाफ सबसे सख्त से सख्त कार्रवाई करनी चाहिए ताकि भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो। हालांकि शहर के बाहरी क्षेत्र के बाजारों में शहर पुराने शहर की अपेक्षा बंद का असर काफी कम दिखाई दिया और दुकान खुली दिखाई दी। आज सुबह से व्यापार मंडल के सभी अध्यक्षों और पदाधिकारियाें के नेतृत्व में चौपला पर धरना प्रदर्शन किया। लोगों ने अपने विचार व्यक्त किये। इस दौरान व्यापारी नेताओं ने कहा कि हम आक्रोशित हैं और आतंकवादियों के खिलाफ ऐसी सजा मिलनी चाहिए कि वे कभी न भूल सके।
घंटाघर, गोल मार्केट, अग्रसेन बाजार, दिल्ली गेट, डासना गेट, सिहानी गेट, रामतेराम रोड, रामनगर, तुराब नगर, गांधीनगर, ऐसे बाजार रहे जिनमें
आज बंदी का असर पूरी तरह से सफल दिखाई दिया। वहीं विजयनगर मार्केट, मोहन नगर, राज नगर एक्सटेंशन, राज नगर आदि बाहरी इलाकों में बंद का असर मिला-जुला दिखाई दिया। कहीं-कहीं दुकान खुली थी तो कहीं बाजार बंद भी थे। सभी लोग इस बंद को सफल बनाएं ताकि सरकार बाइक करने के लिए बातें हो सके।
—————