एकता, समानता, समरसता का एक जीवंत उदाहरण हैं महाराज अग्रसेन: मुख्यमंत्री
-मुख्यमंत्री ने किया महाराजा अग्रसेन आश्रम के स्थापना दिवस का शुभारम्भ
हरिद्वार, 13 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महाराजा अग्रसेन अग्रवाल आश्रम ट्रस्ट के 50वें स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम का दीप जलाकर शुभारम्भ किया तथा नव निर्मित भवन का फीता काटकर शुभारम्भ किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महाराजा अग्रसेन को नमन करते हुए सभी को आश्रम ट्रस्ट के अपनी 50 वर्ष की गौरवपूर्ण यात्रा पूरी करने पर बधाई दी।
उन्होंने कहा कि अग्रवाल आश्रम ट्रस्ट द्वारा पिछले 50 वर्षों से समाज सेवा, धार्मिक जागरण, सांस्कृतिक संरक्षण, मानव कल्याण से जुड़े हुए सभी कार्यों को समर्पित भाव से निरंतर अनवरत रूप से आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि जिस भवन का आज लोकार्पण एवं शुभारंभ हुआ, जिसके भव्य सत्संग भवन और घाट न केवल आध्यात्मिक साधना का एक प्रमुख केंद्र बनेगा, बल्कि सामाजिक एकता को भी पुष्ट करेगा। उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन भारतीय समाज के ऐसे आदर्श नायक थे, जिनका संपूर्ण जीवन जन सेवा, सत्कर्म और समाज कल्याण के लिए समर्पित रहा है। उन्होंने सदैव समाज के हित को प्राथमिकता देते हुए जनकल्याण के लिए कार्य किया।
उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन ने एक ईंट, एक रुपया का जो मंत्र दिया वह केवल आर्थिक सहयोग का प्रतीक नहीं था बल्कि सामाजिक एकता, समानता, सामूहिक उत्तरदायित्व, समरसता का एक जीवंत उदाहरण भी था। उन्होंने कहा कि महाराज के आदर्शों को आधार बनाकर अग्रवाल समाज ने सदैव इसी निष्ठा व प्रतिबद्धता के साथ समाज सेवा के क्षेत्र में बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में दो-दो स्वदेशी वैक्सीन बनाई गई और दुनिया के पिछड़े देशों को वैक्सीन दी, अनेक प्रकार के अवस्थापना स्ट्रक्चर स्वास्थ्य के क्षेत्र में बनाए गए, लेकिन उतना ही महत्वपूर्ण था कि हमारे सभी व्यापारी बन्धुओं एवं व्यापार समूह व उद्योग समूह के विभिन्न विभिन्न संस्थाओं को संचालित करने वाले सभी व्यक्तियों ने जहां पर कम वहां हम मंत्र के साथ कोविड महामारी में अपना योगदान दिया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक ओर जहां हमारी सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण के लिए, उनके संवर्धन की दिशा में कार्य किया जा रहा है, वहीं लोकल फॉर वोकल, मेक इन इंडिया इंडिया, स्टार्टअप इंडिया जैसी अनेक पहलो के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत के स्वप्न को साकार करने की दिशा में भी ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आज हमारा राज्य युवाओं को रोजगार देने में भी अग्रणी राज्य बनकर उभरा है। हमने एक वर्ष में बेरोजारी दर में 4.4 प्रतिशत की कमी लाकर राष्ट्रीय औसत को भी पीछे छोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि हमारे राज्य ने देश में सबसे पहले समान नागरिक संहिता को लागू करने का ऐतिहासिक कार्य किया है। उन्होंने कहा कि सरकार देवभूमि उत्तराखंड के सांस्कृतिक मूल्यों और डेमोग्राफी को संरक्षित रखने के प्रति भी पूर्ण रूप से संकल्पबद्ध है और इसी संकल्प के साथ प्रदेश में लैंड जिहाद, लव जिहाद और थूक जिहाद जैसी घृणित मानसिकताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की है, साथ ही प्रदेश में एक सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून भी लागू किया है।
उन्होंने कहा कि सरकार हरिद्वार के विकास के प्रति भी पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि हरिद्वार, ऋषिकेश कॉरिडोर के लिए संवाद के आधार पर विकास को आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने कहा कि आगामी 50-60 वर्षों की आवश्यकताओं का आकलन कर एक मास्टर प्लान के तहत समग्र विकास सुनिश्चित करने का प्रयास कर रहे हैं,
उन्होंने कहा कि सरकार उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के अपने विकल्प रहित संकल्प को साकार करने हेतु पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ निरंतर कार्य कर रही है।
इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी, विधायक मदन कौशिक ने भी अपने विचार रखे।
इस दौरान पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोशियारी, सासंद हरिद्वार त्रिवेंद्र सिंह रावत, सासंद सोनीपत सतपाल ब्रह्मचारी, महापौर किरण जैसल, महाराजा अग्रसेन आश्रम ट्रस्ट के प्रधान गणपत लाल गोयल, महामंत्री दिवान चंद गुप्ता, कोषाध्यक्ष अतुल गुप्ता, कुलपति महाराजा अग्रसेन यूनिवर्सिटी डॉ. नन्द किशोर गर्ग, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, विधायक मदन कौशिक, विधायक आदेश चौहान, जिलाधिकारी कर्मेंन्द्र सिंह, एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोभाल, राज्यमंत्री ओम प्रकाश जमदग्नि, अपर जिलाधिकारी दीपेंद्र सिंह नेगी, सीएमओ आरके सिंह, मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गंभीर तालियान, एसपी जितेंद्र मेहरा, पंकज गैरोला सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
—————