झज्जर : जिला अध्यक्षों सहित मुख्य पदाधिकारियों की जल्द घोषणा करेगी जजपा
-हरियाणा के आपदा पीड़ित किसानों को जल्द उचित मुआवजा दे राज्य सरकार : अजय सिंह चौटाला
झज्जर, 26 अप्रैल (हि.स.)। जननायक जनता पार्टी अपने मुख्य पदाधिकारियों और सभी जिला अध्यक्षों की घोषणा शीघ्र करेगी। यह बात शनिवार को झज्जर में जेजेपी की प्रदेश स्तरीय बैठक में अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला ने कही। पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला सहित पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता इस अवसर पर मौजूद थे। पार्टी नेताओं ने पहलगाम हमले की निंदा की और केंद्र सरकार से दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।
पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने संगठन नवनिर्माण के लिए बनाए सभी जिला प्रभारियों के साथ विस्तारपूर्वक चर्चा करके फीडबैक लिया। बैठक में जेजेपी ने पहलगाम आतंकी हमले की कड़ी निंदा की और केंद्र सरकार से आतंकवाद पर कड़ा प्रहार करने की मांग की। साथ ही जेजेपी ने हरियाणा में बरसात, ओलावृष्टि, आगजनी से पीड़ित किसानों को जल्द उचित मुआवजा देने की मांग राज्य सरकार से की।
बैठक के बाद पत्रकारों से रूबरू होते हुए जेजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ अजय सिंह चौटाला ने कहा कि जेजेपी अपने मेहनती साथियों को अहम जिम्मेदारियां सौंपेगी और नवनियुक्त पदाधिकारी फील्ड में उतरकर संगठन मजबूती के लिए काम करेंगे। उन्होंने कहा कि गांवों और शहरों में चौधरी देवीलाल की सोच से जुड़े सभी लोगों, संगठन के पुराने साथियों और नए लोगों को पार्टी के साथ जोड़ा जाएगा। अजय चौटाला ने कहा कि युवाओं की नई ऊर्जा और वरिष्ठ नेताओं के अनुभव के सहयोग से जेजेपी प्रत्येक क्षेत्र में अपनी पकड़ बनाएगी और मजबूती के साथ प्रदेश की जनता की आवाज उठाएगी।
डॉ. अजय सिंह चौटाला ने कहा कि जेजेपी ही एकमात्र ऐसा विकल्प है जो चौधरी देवीलाल की सोच को दोबारा हरियाणा में लाकर जनहित में काम करके दिखा सकती है। उन्होंने कहा कि आज प्रत्येक वर्ग मौजूदा भाजपा सरकार की नीतियों से दुखी है। जेजेपी की प्रदेश स्तरीय बैठक में प्रदेश अध्यक्ष बृज शर्मा, वरिष्ठ नेता डॉ. केसी बांगड, राजेंद्र लितानी, दिग्विजय सिंह चौटाला, पूर्व विधायक अमरजीत ढांडा, राजदीप फोगाट सहित अनेक वरिष्ठ नेता एवं सभी जिला प्रभारी आदि मौजूद रहे। झज्जर से जिला अध्यक्ष उपेन्द्र कादयान, पूर्व चेयरमैन मेहताब सिंह, राकेश जाखड़ प्रदेश अध्यक्ष ( पंचायती प्रकोष्ठ), डॉ. विकास पाराशर (जिला प्रेस प्रवक्ता) भी उपस्थित रहे।
—————