राजगढ़ः गेहूं तुलाई में देरी से आक्रोशित किसानों ने किया हाइवे जाम, समझाइश पर माने
राजगढ़, 14 अप्रैल (हि.स.)। सुठालिया क्षेत्र के गिंदोरहाट खरीदी केन्द्र पर गेहूं की तुलाई में हो रही देरी से आक्रोशित किसानों ने सोमवार को सिरोंज-ब्यावरा राजमार्ग पर चक्काजाम कर दिया, जिससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई। सूचना पर पहुंचे तहसीलदार और पुलिस अधिकारियों की समझाइश पर किसान माने तब यातायात व्यवस्था सुचारु हुई।
जानकारी के अनुसार सुठालिया के गिंदौरहाट खरीदी केन्द्र पर सचिव के द्वारा टोकन जारी किए गए, उसके बाद भी खरीदी शुरु नही की गई। किसानों का कहना है कि पिछले चार दिनों से गेहूं की फसल लेकर खरीदी केन्द्र पर खड़े हुए है, तुलाई में देरी होने से किराए पर लाए ट्रेक्टरों का भाड़ा बढ़ रहा है।वहीं किसानों ने सचिव पर मनमानी करने का आरोप लगाया है। गेहूं की तुलाई में देरी होने से आक्रोशित किसानों ने सिरोंज-ब्यावरा राजमार्ग पर चक्काजाम कर दिया, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गई। जाम की सूचना मिलते ही तहसीलदार दौलजीराम अहिरवार, थानाप्रभारी प्रवीण जाट मय पुलिसबल के मौके पर पहुंचे। अधिकारियों की समझाइश के बाद किसान माने और जाम खोला गया।
—————