खंडवा : 90 लाख से अधिक की शराब पर पुलिस ने चलाया बुलडोजर
खंडवा, 23 अप्रैल (हि.स.)। खंडवा के थाना हरसूद पुलिस ने बुधवार को 90 लाख रुपये से अधिक की शराब को नष्ट कर दिया। यह शराब लगभग 12 हजार लीटर थी, जो हरसूद थाने में 11 साल से मालखाने में रखी हुई थी जिस पर बुलडोजर चलाकर खत्म किया गया।
जानकारी के अनुसार खंडवा के थाना हरसूद में न्यायालय से निराकृत अपराध क्रमांक 176/2014 धारा 34(2) आबकारी एक्ट एवं 420,467,468,471 भादवि में जप्तशुदा अंग्रेजी शराब थाना हरसूद के मालखाने में वर्ष 2014 से रखी अंग्रेजी शराब के नष्टीकरण के लिए पुलिस अधीक्षक खंडवा मनोज कुमार राय के निर्देशानुसार थाना प्रभारी हरसूद द्वारा कार्यवाही की गई।
जब्तशुदा शराब के निराकरण एवं नष्टीकरण की कार्यवाही के दौरान जिला दण्डाधिकारी खण्डवा के आदेश से गठित समिति एसडीओपी हरसूद लोकेन्द्रसिंह ठाकुर, सहायक जिला आबकारी अधिकारी सी.एस. मीणा, तहसीलदार हरसूद संगीता मेहतो की उपस्थिति में रोड रोलर की सहायता से थाना परिसर थाना हरसूद में थाना प्रभारी हरसूद निरीक्षक राजकुमार राठौर द्वारा 12 हजार 310 लीटर अंग्रेजी शराब जिसकी कीमत 90 लाख से अधिक की शराब नष्ट की गई।