तिलक नगर क्षेत्र में पर्यावरण मंत्री ने सार्वजनिक सेवाओं और विकास कार्यों का निरीक्षण किया

तिलक नगर क्षेत्र में पर्यावरण मंत्री ने सार्वजनिक सेवाओं और विकास कार्यों का निरीक्षण किया

-दिल्ली में अब भाजपा की ट्रिपल इंजन की सरकार, विकसित दिल्ली को लेकर होगा तेज काम

नई दिल्ली, 26 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने शनिवार को तिलक नगर विधानसभा क्षेत्र में सार्वजनिक सेवाओं और विकास कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए।

पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि दिल्ली में आज से भाजपा की ट्रिपल इंजन की सरकार है। ट्रिपल इंजन का सरकार का मतलब – दिल्ली से गंदगी साफ होगी, अव्यवस्था खत्म होगी और बिना किसी दोषारोपण के दिल्ली के सभी क्षेत्रों का विकास होगा। सरकार को इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता है कि क्षेत्र में भाजपा का विधायक है या आम आदमी पार्टी का। सरकार विकसित दिल्ली की दिशा में तेजी से काम करेगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संकल्प पर काम करते हुए और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में हम विकसित दिल्ली का सपना साकार करने के लिए समर्पित हैं। इसके लिए सभी क्षेत्रों का विकास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता ने आम आदमी पार्टी को हटाकर भाजपा को अपने कार्यों को करने के लिए सत्ता दी है। इसलिए सरकार के सभी मंत्री विकसित दिल्ली बनाने के लिए हर रोज सड़कों पर उतरकर विकास कार्यों का निरीक्षण कर रहे हैं। मुख्यमंत्री स्वयं भी जमीनी स्तर पर विकास कार्यों का निरीक्षण दिल्ली के सभी क्षेत्रों में कर रही हैं।

पर्यावरण मंत्री ने कहा कि उन्होंने तिलक नगर के क्षेत्र में अवैध कब्जे, शौचालयों की बदहाली, गंदगी की समस्या को लेकर आज आदेश दिया है। यहां एक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाने के सुझाव पर भी काम करेंगे। इसके लिए दिल्ली विकास प्राधिकरण के साथ बात की जाएगी। स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की मांग यहां के लोग लंबे समय से कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र की सड़कों पर अवैध कब्जा है, जिससे आम लोगों को आने जाने मे काफी परेशानी होती है। इसे अवैध कब्जे को हटाने के निर्देश दिए है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के पार्कों में अवैध रूप से खड़े वाहनों को तुरंत हटाने के कहा है। क्षेत्र को गंदगी से मुक्त और सार्वजनिक सेवाओं को दुरुस्त करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों के दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अवैध रूप से चल रही प्रदूषण फैलाने वाली इकाइयों पर तुरंत कार्रवाई की जाए।

—————