पहलगाम हमले के खिलाफ काली पट्टी लगाकर अदा की जुम्मे की नमाज
खूंटी, 25 अप्रैल (हि.स.)। जम्मू कश्मीर के पहलगाम में आतंकियों की ओर से किए गए हमले की तोरपा के मुसलमान ने कड़ी निंदा की है। निर्दाेष लोगों की हत्या के विरोध में मुस्लिम धर्मावलंबियों ने काली पट्टी लगाकर जुम्मे की नमाज अदा की। मौके पर लोगों ने कहा कि यह बहुत ही अफसोसनाक है कि हमारे देश में कुछ दहशगर्दों ने बुजदीली हरकत की है, जिसकी मजहब ए इस्लाम कड़ी निंदा करता है। ऐसी कार्रवाइयों का इस्लाम बिल्कुल इजाजत नहीं देता।
उन्होंने कहा कि दहशगर्दों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। हम अपने वतन हिंदुस्तान में अमन और शांति की दुआ करते हैं और सरकार से मांग करते हैं कि सरकार घटना में शामिल आतंकियों को सबक सिखाएं।
मौके पर हाफिज एजाज अहमद, मो कलीम खान, महताब खान, दानिश राजा, अब्दुल कुद्दूस, गुलाम मुस्तफा, शाहिद अहमद, मेराज, रोजित अंसारी, गुलाम मुस्तफा अंसारी, शमशाद अंसारी, अरमान सहित अन्य मौजूद थे।
—————