पलवल :मुख्यमंत्री ने होडल में दस करोड़ की तीन परियोजनाओं का किया उदघाटन

पलवल :मुख्यमंत्री ने होडल में दस करोड़ की तीन परियोजनाओं का किया उदघाटन

केंद्रीय मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर व रैली संयोजक हरेंद्र सिंह ने रखी 152 मांगेंसीएम ने फिजिब्लिटी के आधार पर पूरा करने की घोषणा

पलवल, 30 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अक्षय तृतीया के अवसर पर पलवल जिला के होडल विधानसभा क्षेत्र के लिए विकास परियोजनाओं की सौगात दी। होडल विधानसभा क्षेत्र के लिए दस करोड़ रुपए की लागत से तीन परियोजनाओं का उद्घाटन किया।

साथ ही, मुख्यमंत्री ने होडल विधानसभा क्षेत्र के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए 5-5 करोड़ रुपए, डीएचबीवीएन के होडल में कार्यालय भवन के लिए 3.54 करोड़ रुपए व हसनपुर में 1.95 करोड़ रुपए, मीरपुर कोराली, पेंगलतु व सीहा में सब हेल्थ सेंटर, सीहा में फसल खरीद केंद्र, होडल में पुन्हाना मोड़ तक ड्रेन के लिए 1.50 करोड़, हसनपुर में उप तहसील को तहसील का दर्जा, विभिन्न तालाबों का पुनरुद्धार तथा क्षेत्र की सभी सडक़ों की मरम्मत और सुधार करने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री बुधवार को पलवल जिला के होडल में आयोजित बृज विकास रैली को सम्बोधित कर रहे थे। साथ ही, केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर और होडल के विधायक हरिन्द्र सिंह द्वारा रखी गई अधिकतर मांगों को मौके पर ही मंजूर किया। साथ ही शेष मांगों को व्यव्हार्यता (फिजिब्लिटी) अध्ययन करवाने के उपरांत पूरा करवाने की बात कही। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर द्वारा गांव खाम्बी में लड़कियों के लिए कॉलेज खोलने तथा विधायक हरिन्द्र सिंह द्वारा गांव बंचारी में पॉलिटेक्निक खोलने की मांगों का अध्ययन करवाने की बात भी कही।

नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज अक्षय तृतीया के शुभ और पुण्य पर्व पर आप सबके बीच आकर मन अत्यंत प्रसन्न है। उन्होंने इस पावन पर्व की सभी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

मुख्यमंत्री ने बृज विकास रैली में होडल विधानसभा क्षेत्र में लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत की 3 परियोजनाओं के उद्घाटन किए। इनमें 5 करोड़ 70 लाख रुपये की लागत से नगर परिषद भवन, 2 करोड़ 40 लाख रुपये की लागत से उप-तहसील भवन का निर्माण तथा 1 करोड़ 46 लाख रुपये की लागत से रामगढ़ गांव में खेल स्टेडियम का निर्माण शामिल है।

होडल विधानसभा क्षेत्र के विकास पर 700 करोड़ रुपए हुए खर्च

नायब सिंह सैनी ने कहा कि पिछले दो कार्यकालों में हमारी सरकार ने होडल क्षेत्र में लगभग 700 करोड़ रुपये की लागत के विकास कार्य करवाए हैं। जबकि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में 236 करोड़ रुपये के विकास कार्य करवाए गए।

केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने फरीदाबाद संसदीय क्षेत्र में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का स्वागत किया। उन्होंने बीते एक दशक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र व हरियाणा की सरकारों के कार्यकाल को हर क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति का कालखंड बताया। इस अवधि में विमानन, रेलवे, ऊर्जा, सामाजिक न्याय, क़ृषि आदि के लिए आबंटित बजट में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। कृषि क्षेत्र की बात करें तो यूपीए शासन काल के 21 हजार करोड़ रुपए के बजट को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासनकाल में 4.50 लाख करोड़ रुपए तथा ऊर्जा क्षेत्र में 43,000 करोड़ रुपए की तुलना में एक लाख 43 हजार करोड़ रुपए हो गया।

युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता व खेल राज्य मंत्री (स्वतन्त्र प्रभार) गौरव गौतम ने पुलवामा की घटना से प्रभावित परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की और मृतकों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमें पूरा भरोसा है कि उनके नेतृत्व में आतंकवाद के सफाए में बड़ी कार्रवाई होगी। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए कि उन्होंने मुख्यमंत्री की शपथ बाद में ली लेकिन उससे पहले प्रदेश के हजारों युवाओं को बिना खर्ची-पर्ची के नौकरी ज्वाइन करवाई।

—————