गाजियाबाद पुलिस की पहल: 2640 अपराधियों से संवाद कर अपराध छाेड़ने की दिलाई शपथ
गाजियाबाद, 20 अप्रैल (हि.स.)। कमिश्नरेट गाजियाबाद पुलिस ने अपराध को नियंत्रित करने के लिए अपराध रोकथाम और आपराधिक संवेदनशीलता (क्राइम प्रिवेंशन एंड क्राइम सेंसटाइजेशन) अभियान की पहल की है। जिसमें पहले दिन रविवार को जिले के सभी थानों में पुलिस अधिकारियों ने अपराधियों के साथ सीधे संवाद किया। सभी थानों से कुल 2640 अपराधिक किस्म के आराेपित शामिल रहें। पुलिस अधिकारियों ने इन लोगों को भविष्य में अपराध न करने की शपथ दिलाई। साथ उनसे यह आश्वासन भी लिया कि अब अपराध से दूर और एक सच्चे नागरिक बनकर समाज में रहेंगे।
अभियान के तहत थाना क्षेत्र से सम्बन्धित सभी अपराधी, हिस्ट्रीशीटर, सम्पत्ति सम्बन्धी अपराधों जैसे लूट, डकैती, स्नेचिंग, चोरी, नकबजनी, वाहन चोरी आदि के विगत 10 साल के अपराधी, जुआ-सट्टा, अवैध शराब, गौकशी व एनडीपीएस के अपराधों में संलिप्त अपराधी, पंजीकृत गैंग के सदस्यों से संवाद किया।
पुलिस कमिशनर जे रविंदर गौड़ ने बताया कि सभी अपराधियों की प्रोफाइल तैयार करते हुए उनकी वर्तमान स्थिति का सत्यापन, गतिविधि आदि पता करते हुए डोजियर तैयार किया गया है। अपराधियाें से अपराध न करने का वचन लेते हुए शपथ दिलायी गयी। सभी ने भविष्य में अपराध से दूर रहने का वचन दिया।
उधर, पुलिस कमिश्नर ने एक और पहल की है, जिसमें किसी भी वादी की एफआईआर दर्ज होने के बाद उसकी कॉपी उसके घर तक पहुंचाने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में पिछले दो दिनों के दौरान सभी थाना क्षेत्र में पुलिस ने वादियाें के घरों पर जाकर मुकदमे की कॉपी उपलब्ध कराई।
———————-