धरने की आड़ में कांग्रेस अपनी नाकामी छिपा रही : राजीव बिंदल
शिमला, 4 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस सरकार और पार्टी के धरने पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने इसे “उल्टा चोर कोतवाल को डांटे” वाली कहावत से जोड़ते हुए कहा कि कांग्रेस अपनी ही नीतिगत भूलों से जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है।
डॉ. बिंदल ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि 2013 में कांग्रेस ने सत्ता की लालसा में वक्फ कानून में संशोधन किया था, जो अब देश के लिए घातक और गरीब मुस्लिम समाज के लिए नुकसानदायक साबित हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय वोट बैंक की राजनीति के तहत यह बदलाव किए गए थे, लेकिन अब जब देशभर में कांग्रेस की मंशा पर सवाल उठ रहे हैं तो पार्टी धरनों का सहारा ले रही है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश सरकार का धरना असल में जनता की बदहाली और अपने कर्ज बोझ से ध्यान हटाने की रणनीति है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने वित्तीय वर्ष 2025 की शुरुआत में ही 900 करोड़ रुपये का कर्ज ले लिया है, लेकिन विकास के नाम पर धरातल पर कुछ नहीं दिख रहा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मर्ज बढ़ता गया, ज्यों-ज्यों दवा की, कर्ज बढ़ता गया ज्यों-ज्यों कांग्रेस सरकार आगे बढ़ी।
डॉ. बिंदल ने दावा किया कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार हिमाचल प्रदेश को लगातार आर्थिक सहायता दे रही है। हाल ही में प्रदेश को सड़कों, पुलों और सुरंगों के निर्माण के लिए सैकड़ों करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। इसके बावजूद कांग्रेस सरकार के नेता जनता को गुमराह कर रहे हैं कि केंद्र से कोई मदद नहीं मिल रही।
उन्होंने सरकार से सवाल किया कि जब पूरा प्रदेश विमल नेगी की संदिग्ध मृत्यु पर सीबीआई जांच की मांग कर रहा है, तब सरकार चुप क्यों बैठी है? उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में माफिया राज फल-फूल रहा है, विकास कार्य ठप पड़े हैं और सरकार जनता की समस्याओं पर चिंतन करने की बजाय धरनों में उलझी है।
—————