फतेहाबाद : थार ने मोटरसाइकिल में मारी टक्कर, युवक की मौत
फतेहाबाद, 27 अप्रैल (हि.स.)। फतेहाबाद-सिरसा रोड पर एक तेजगति थार ने मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। जिससे इस हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया वहीं रविवार को गाड़ी के अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सदर फतेहाबाद पुलिस को दी शिकायत में पंजाब के सरदूलगढ़ के गांव करंडी निवासी सुदेश कुमार ने कहा है कि उसका भाई रमेश कुमार फतेहाबाद में फैक्ट्री में काम करता है। गत दिवस शाम को रमेश फैक्ट्री में काम करके मोटरसइकिल पर फतेहाबाद से वापस गांव करंडी जा रहा था। जैसे ही वह नेशनल हाइवे 9 पर गांव करनौली मोड़ के पास पहुंचा तो फतेहाबाद से सिरसा की तरफ जा रही एक गाड़ी के चालक ने गाड़ी को लापरवाही व तेजगति से चलाया और मोटरसाइकिल में सीधी टक्कर दे मारी। इस हादसे में बाईक सवार रमेश गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद थार गाड़ी चालक गाड़ी मौके पर छोडक़र भाग गया। इसके बाद लोगों ने गंभीर रूप से घायल रमेश को फतेहाबाद के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया जहां चिकित्सकों ने रमेश को मृत घोषित कर दिया। इस मामले में सदर फतेहाबाद पुलिस ने अज्ञात गाड़ी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।