फतेहाबाद क्रिकेट लीग, अंडर-17 में फतेहाबाद को 7 विकेट से हराकर टोहाना ने जीती ट्राफी

फतेहाबाद क्रिकेट लीग, अंडर-17 में फतेहाबाद को 7 विकेट से हराकर टोहाना ने जीती ट्राफी

फतेहाबाद, 24 अप्रैल (हि.स.)। एवरेस्ट स्पोर्ट्स क्लब द्वारा जिले की खेल प्रतिभाओं को आगे लाने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही फतेहाबाद क्रिकेट लीग में अंडर-17 आयु वर्ग का फाइनल मुकाबला गुरुवार को खेला गया। टोहाना और फतेहाबाद जोन के बीच हुआ यह मुकाबला काफी रोचक रहा। इस मैच में टोहाना ने 7 विकेट से शानदार जीत दर्ज कर ट्राफी पर कब्जा जमाया। एवरेस्ट स्पोट्र्स क्लब के प्रधान प्रहलाद सिंह कुलरिया व सचिव अरूण खोड़ ने बताया कि गांव बहबलपुर स्थित रॉयल क्रिकेट अकैडमी में अंडर-17 आयुवर्ग के फाइनल में टोहाना जोन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। पहले बैटिंग करते हुए फतेहाबाद जोन की टीम ने निर्धारित 40 में से 32.4 ओवर ही खेले और 164 रन बनाकर ऑल आऊट हो गई। फतेहाबाद की ओर से सुखबीर ने 61 व मुकंद ने 34 रन बनाए जबकि टोहाना की ओर से जलज ने 4 व राहुल ने 3 विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करते हुए टोहाना ने 26 ओवरों में ही 3 विकेट खोकर लक्ष्य को हासिल कर लिया और 7 विकेट से मैच जीतकर ट्रॉफी पर कब्जा किया। टोहाना की ओर से कमल ने 93 रन व शोभित ने 48 रन बनाए। शानदार गेंदबाजी पर जलज को मैन ऑफ दि मैच व शोभित को मैन ऑफ दी सीरिज चुना गया। टूर्नामेंट में बेस्ट बॉलर का अवार्ड जलज को, बेस्ट बेट्समैन कमल, बेस्ट फिल्डर का अवार्ड यश और मुकंद को दिया गया। एवरेस्ट स्पोर्ट्स क्लब के पदाधिकारियों ने खिलाडिय़ों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।