फतेहाबाद में दो तस्कर गिरफ्तार,डोडा पोस्त बरामद
फतेहाबाद, 5 अप्रैल (हि.स.)। जिला पुलिस ने भूना क्षेत्र से दो नशा तस्करों को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। शनिवार को थाना भूना प्रभारी इंस्पेक्टर प्रदीप ने बताया कि एएनसी स्टाफ फतेहाबाद पुलिस की टीम एएसआई जयदेव के नेतृत्व में अपराधियों की धरपकड़ को लेकर गश्त पर थी। टीम जब गांव हासंगा में पहुंची तो पुलिस को सूचना मिली कि सतबीर सिंह निवासी ढाणी घोटडू कचरा डोडा पोस्त बेचने का काम करता है और आज भी अपने घर में काफी मात्रा में डोडा पोस्त लेकर आया हुआ है। इस सूचना पर पुलिस टीम घोटडू में ढाणी के पास पहुंची तो घर के बाहर एक व्यक्ति खड़ा दिखाई दिया। उक्त युवक पुलिस टीम को देखकर घबरा गया और घबराकर तेजी से घर के अंदर जाने लगा। शक के आधार पर पुलिस कर्मचारियों ने उसे काबू कर पूछताछ की तो उसने अपना नाम सतबीर सिंह बताया। पुलिस ने जब उसके मकान की तलाशी ली तो कमरे में रखे प्लास्टिक कट्टे से 34 किलो 810 ग्राम कचरा डोडा पोस्त बरामद हुआ। दूसरे मामले में थाना भूना प्रभारी इंस्पेक्टर प्रदीप ने बताया कि एवीटी स्टाफ फतेहाबाद पुलिस की टीम एसआई वेदपाल के नेतृत्व में अपराधियों की धरपकड़ को लेकर गश्त पर थी। टीम जब गांव नाढोडी पहुंची तो उन्हें सूचना मिली कि सुभाष निवासी ढाणी घोटडू अपने घर पर डोडा पोस्त बेचने का काम करता है। इस सूचना पर पुलिस ने मौके पर छापेमारी कर सुभाष नामक युवक को काबू किया। पुलिस ने जब तलाशी ली तो कमरे में रखे प्लास्टिक कट्टों में रखे 7 लिफाफों से 7 किलो 118 ग्राम कचरा डोडा पोस्त बरामद हुआ। इस पर पुलिस ने दोनों युवकों को गिरफ्तार कर इनके खिलाफ थाना भूना में उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं।