विधानसभा अध्यक्ष का टाउन हॉल रिकॉर्ड रूम का दौरा, दस्तावेजों का होगा डिजिटलकरण
-टाउन हॉल के रिकॉर्ड रूम में देश की लोकतांत्रिक और विधायी विरासत से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेजों का संरक्षण किया गया है
नई दिल्ली, 24 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने गुरुवार को दिल्ली नगर निगम के ऐतिहासिक टाउन हॉल स्थित रिकॉर्ड रूम का दौरा किया। उन्होंने टाउन हॉल में संरक्षित दस्तावेजों के डिजिटलीकरण पर जोर दिया।
उन्होंने बताया कि टाउन हॉल के रिकॉर्ड रूम में देश की लोकतांत्रिक और विधायी विरासत से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेजों का संरक्षण किया गया है। इस रिकॉर्ड रूम में 1880 के बाद से जुड़े नगर निकायों से संबंधित अभिलेख, बजट, प्रशासनिक दस्तावेज और अन्य ऐतिहासिक रिकॉर्ड संजोए गए हैं।
विधानसभा अध्यक्ष ने इन दस्तावेजों का अवलोकन किया और इनके संरक्षण के लिए की जा रही प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ये दस्तावेज भारत के शासकीय और नागरिक संस्थानों के विकास की महत्वपूर्ण कहानी कहते हैं। यह पहल लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की उस दृष्टि के अनुरूप है, जिसमें वे भारत की विधायी विरासत के संरक्षण और डिजिटलीकरण की लगातार पैरवी कर रहे हैं।
इस दौरे के दौरान विधानसभा अध्यक्ष के साथ नगर निगम दिल्ली की हेरिटेज सेल प्रमुख संजीव सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। विधानसभा अध्यक्ष ने रिकॉर्ड्स के महत्व पर विस्तार से चर्चा की और इनके दीर्घकालिक संरक्षण के उपायों पर विचार किया।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि स्थानीय निकायों, विरासत विभागों और अभिलेखागार संस्थानों के बीच समन्वय आवश्यक है। उन्होंने विशेष रूप से दस्तावेजों के डिजिटलीकरण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि डिजिटलीकरण के बाद आम जनता, शोधकर्ता और छात्र भारत की लोकतांत्रिक यात्रा से गहराई से जुड़ सकें।
विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि भारतीय संसद सचिवालय द्वारा इन दस्तावेजों के डिजिटलीकरण में सहयोग देने की प्रतिबद्धता जताई गई है।
—————