ग्रामीणों ने उठाया हरे कृष्णा मूवमेंट के स्वास्थ्य शिविर का लाभ
मथुरा, 07 मई (हि.स.)। हरे कृष्ण मूवमेंट ने ’’स्वस्थ ब्रज’’ अभियान के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण चिकित्सा शिविर का आयोजन किया। यह शिविर बुधवार को ग्राम परखम गुर्जर में हरे कृष्ण मूवमेंट, केशव माधव चिकित्सालय और एम्स, दिल्ली के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। इसमें 167 ग्रामीणों ने भाग लिया और अपनी स्वास्थ्य समस्याओं के समाधान हेतु चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त किया। हरे कृष्ण मूवमेंट वर्ष 2008 से ब्रज क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में सक्रिय है।
संस्था के मीडिया प्रभारी अभिषेक मिश्रा ने बताया कि मार्च के प्रथम सप्ताह से लेकर अब तक हरे कृष्ण मूवमेंट द्वारा ब्रज क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों रामताल, बाटी, मघेरा, भरतिया और परखम गुर्जर में स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया है। इन शिविरों के माध्यम से अब तक कुल 693 ग्रामीणों को विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा परामर्श व निःशुल्क दवाइयों की सुविधा प्रदान की जा चुकी है। परखम गुर्जर में आयोजित इस शिविर में एम्स, दिल्ली के डॉ. दीपिका मिश्रा, डॉ. तनुराग और डॉ. भरत, केशव माधव चिकित्सालय के डॉ. सौरभ रॉय, डॉ. सोमेश चैहान, सुनीता, केडी मेडिकल एवं केडी डेंटल से डॉ. शशांक, डॉ. देवरा, डॉ. निधि और डॉ. दीक्षा ने अपनी विशेषज्ञ सेवाएं प्रदान कीं।