जेएनवी विश्वविद्यालय : अभिनय कौशल में प्रमाण पत्र पाठ्यक्रम के लिए प्रवेश शुरू
जोधपुर, 31 मई (हि.स.)। जय नारायण व्यास विश्वविद्यालय के थिएटर सेल द्वारा संचालित अभिनय कौशल में प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम में सत्र 2025-26 के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए जा रहे हैं। इच्छुक अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं। सभी आवेदनों की स्क्रीनिंग समिति के माध्यम से ऑडिशन लिया जाएगा और विश्वविद्यालय के नियमों व दिशानिर्देशों का पालन करते हुए अंतिम रूप से 35 छात्रों को प्रवेश दिया जाएगा।
थिएटर सेल के डायरेक्टर डॉ. हितेन्द्र गोयल ने बताया कि यह पाठ्यक्रम अभिनय की कला को मंच एवं कैमरे दोनों माध्यमों पर सीखने का एक शानदार मंच प्रदान करता है। पाठ्यक्रम में अभिनय के साथ-साथ कहानी लेखन, पात्र निर्माण, शरीर की गतिशीलता, आवाज़ में उतार-चढ़ाव, व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास निर्माण, कविता का रसास्वादन, संवाद अदायगी, लघु फिल्म निर्माण तथा पूर्ण लंबाई की फिल्मों में काम करने के अवसर शामिल हैं। इस कोर्स की विशेषता यह है कि इसमें एनएसडी (राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय) अनुभवी प्रशिक्षकों एवं वरिष्ठ रंगकर्मियों द्वारा प्रशिक्षण दिया जाता है, जो छात्रों की कलात्मक क्षमताओं को निखारने में पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करते हैं। उन्होंने बताया कि कक्षाएं सांध्यकालीन समय में आयोजित की जाएंगी और कोई भी अभ्यर्थी जिसने 12वीं कक्षा उत्तीर्ण की है, इस कोर्स के लिए आवेदन कर सकता है।
इस पाठ्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को विज्ञापन निर्माण, लघु फिल्में और थिएटर प्रोडक्शन जैसे क्षेत्रों में बड़े अवसर प्राप्त हो रहे हैं। यह पाठ्यक्रम व्यावसायिक प्रशिक्षण प्रदान करता है, जिससे छात्र अभिनय के क्षेत्र में भविष्य की दिशा सोच सकते हैं। यह कोर्स किसी भी अन्य नियमित कोर्स के साथ किया जा सकता है। प्रवेश फॉर्म भरने की अंतिम तिथि सात जून है।