अहिल्याबाई ने पूरा जीवन सनातन संस्कृति के उत्थान में लगाया: अजय राय
पाल समाज को राजनीति में आगे आना होगा
लखनऊ,31 मई (हि.स.)। लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की जयंती के अवसर पर शनिवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पर एक संगोष्ठी आयोजित हुई। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय ने संगोष्ठी में सम्बोधित करते हुए कहा कि अहिल्याबाई का पूरा जीवन जन कल्याण, सनातन संस्कृति के उत्थान एवं महिला सशक्तिकरण के प्रति समर्पित रहा है। लोकमाता अहिल्या बाई होल्कर ने भारत के प्रसिद्ध तीर्थों में मंदिर, घाट, कुओं और बावड़ियों का निर्माण किया, मार्ग बनवाए और आदर्श न्याय व्यवस्था स्थापित की। उनका योगदान भारत की भावी पीढ़ियों को भी प्रेरणा देता रहेगा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर जीवन भर महिलाओं, दलित, वंचितों, किसानों के लिए अनेकों कल्याणकारी कार्य किए। समाज में व्याप्त तमाम कुरीतियों का विरोध कर लोगों को एक नई राह दिखाई। महिलाओं के उत्थान के लिए ऐतिहासिक कार्य किए विशेषकर शिक्षा के प्रति महिलाओं को जागरूक किया।
अजय राय ने कहा कि पाल समाज को राजनीति में आगे आना होगा और अपने अधिकारों के लिए लड़ना होगा। आपकी इस लड़ाई में कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से साथ रहेगी। संगठित रहेंगे तो मजबूत रहेंगे। जिस तरह से अहिल्याबाई ने वंचित समाज को उठाने का प्रयास किया उसी रास्ते पर चलते हुए हमारे जननायक राहुल गांधी ने सभी वर्गों के लोगों को प्रतिनिधित्व देने की बात कर रहे हैं। अहिल्याबाई होल्कर के बताए गए रास्ते पर चलकर सभी को शिक्षित करिए तथा एक जुट होकर अपने अधिकारों को पाने के लिए संघर्ष करिए।
श्री राय ने कहा कि जब तक धरती पर भगवान शिवजी की पूजा होगी तब तक शिवभक्त अहिल्याबाई होल्कर का नाम अमर रहेगा।
कार्यक्रम के संयोजक निवर्तमान प्रदेश महासचिव सुभाष पाल ने कहा कि किसी भी समाज का विकास दो चीजों से होता है शिक्षा और राजनीति। बिना सत्ता के समाज अपने अधिकारों को नहीं पा सकता। श्री पाल ने कहा कि हमारा समाज संसाधनों से हीन जरूर है किंतु राष्ट्रभक्ति और समाज के प्रति कुछ करने का जज्बा हर व्यक्ति में भरा हुआ है। पाल समाज कमजोर हो सकता है परंतु विश्वासघाती नहीं हो सकता है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पूर्व मंत्री अजय राय की अध्यक्षता में कार्यक्रम के संयोजक निवर्तमान प्रदेश महासचिव सुभाष पाल एवं सह संयोजक संदीप पाल जी रहे एवं संगोष्ठी का संचालन पूर्व प्रदेश सचिव प्रतिभा अटल पाल जी ने किया।
संगोष्ठी से पूर्व लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के चित्र पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, पूर्व मंत्री अजय राय ने माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किया। तत्पश्चात पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी, पूर्व मंत्री राजबहादुर सिंह, पूर्व विधायक सतीश अजमानी, निवर्तमान प्रदेश उपाध्यक्ष केशव चन्द्र यादव, निवर्तमान प्रदेश महासचिव सुभाष पाल, पूर्व प्रदेश सचिव प्रतिभा अटल पाल, संदीप पाल धनगर ने भी लोकमाता अहिल्याबाई को पुष्प अर्पित कर नमन किया।
——————