विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर महारानी अस्पताल परिसर से निकाली गई जागरूकता रैली
जगदलपुर, 31 मई (हि.स.)। राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत शनिवार 31 मई को विश्व तंबाकू निषेध दिवस मनाया गया। इसअवसर पर आज प्रातः 10 बजे महारानी अस्पताल परिसर से शासकीय नर्सिंग कॉलेज की छात्राओं के द्वारा एक रैली का आयोजन किया गया, जो शहर के मुख्य मार्ग से होते हुए वापस महारानी अस्पताल के शाहिद गुंडाधुर सभागार में समाप्त हुई। जहां पर एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य रूप से सिविल सर्जन सह अस्पताल अधीक्षक महारानी अस्पताल डॉ. संजय प्रसाद, वरिष्ठ सर्जन डॉ. एसएन अग्रवाल, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रीना लक्ष्मी और तंबाकू रोग़ नियंत्रण कार्यक्रम के हनी गाडलिब और उमाशंकर साहू के साथ महारानी अस्पताल के दंत चिकित्सक डॉ. तिवारी और डॉ. दिवान भी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर नर्सिंग कॉलेज की छात्राओं द्वारा नुक्कड़ नाटक के माध्यम से तंबाकू और अन्य नशीली चीजों से समाज और परिवार के साथ साथ व्यक्ति के स्वयं के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले विपरीत प्रभाव के बारे में संदेश परक प्रस्तुति दी गई। इस दौरान सभी प्रतिभागी और सम्मिलित छात्राओं को ओरल किट प्रदान किया गया । इस अवसर पर कोटपा अधिनियम के संचालन एवं चालानी कार्रवाई हेतु गठित विभिन्न विभागों के कर्मचारियों द्वारा बनाई गई टीम के सदस्य जिसमें समाज कल्याण विभाग से मानिकपुरी और नगर पालिका निगम की ओर से श्री साहू उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम के उपरांत दोपहर को सांसद बस्तर महेश कश्यप के द्वारा तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर एक प्रचार वाहन को भी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय बसाक और जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रीना लक्ष्मी के साथ हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया । इस अवसर पर सभी विभागीय अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
—————